अखिलेश यादव के बयान पर संजय निषाद का पलटवार, कहा- पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया में बनी भारत की पहचान
गाजीपुर, 7 मार्च (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है और देश आर्थिक रूप से तेजी से आगे बढ़ रहा है।
संजय निषाद ने आईएएनएस से कहा कि जनता ने भाजपा सरकार को काम करने का मौका दिया है और उसी के आधार पर देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ विपक्षी नेता केवल बयानबाजी और पोस्टर राजनीति में ही व्यस्त हैं।
दरअसल, अखिलेश यादव ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा था। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख (क्लियर स्टैंड) लेने की मांग की थी।
इसी मामले को लेकर जब संजय निषाद से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पहले भारत की विदेश नीति सही दिशा में नहीं थी, इसलिए देश की अर्थव्यवस्था भी कमजोर थी। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।
उन्होंने कहा, "पहले विदेश नीति खराब थी, इसलिए अर्थव्यवस्था भी खराब थी। आज विदेश नीति सही तरीके से चल रही है, इसलिए भारत की अर्थव्यवस्था भी तेज गति से बढ़ रही है।"
संजय निषाद ने यह भी कहा कि भारत शांति का पक्षधर देश है। उन्होंने कहा कि भारत बुद्ध की भूमि है और यह देश युद्ध नहीं चाहता। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि जो अशुद्ध है उसे शुद्ध करना भी जानता है।
उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि दुनिया में शांति बनी रहे। मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सभी देश साथ आएंगे और भारत फिर से विश्व गुरु बनेगा।"
वहीं दूसरी ओर, होली के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा काला चश्मा पहनने को लेकर भी राजनीति गरमा गई थी। इस पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा था कि आखिर उन्हें काला चश्मा इतना क्यों पसंद आ रहा है।
अखिलेश यादव के इस बयान पर संजय निषाद ने तंज कसते हुए कहा, "अखाड़े के पहलवान और भाड़े के पहलवान में अंतर होता है। काला चश्मा डॉक्टरों के निर्णय पर लगाया जाता है।"
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस

