Samachar Nama
×

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर गिरिराज सिंह ने उठाए सवाल, पप्पू यादव ने भी किया पलटवार

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर गिरिराज सिंह ने उठाए सवाल, पप्पू यादव ने भी किया पलटवार
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर गिरिराज सिंह ने उठाए सवाल, पप्पू यादव ने भी किया पलटवार

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या दौरे पर जाएंगे। उनके साथ पत्नी डिंपल यादव और बच्चे भी रहेंगे। जनवरी 2024 में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद यह अखिलेश यादव की यह पहली अयोध्या यात्रा होगी, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजन करेंगे। इसके बाद वे राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करेंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे।

दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर करारा तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव एक 'रामखुरदया' की तरह हैं।

उन्होंने एक पुरानी कहानी का जिक्र करते हुए कहा कि एक नाले को पार करना था, जिसमें हिंदू था और मुसलमान भी। एक व्यक्ति ने 'या अल्लाह' कहा और नाला पार कर गया, जबकि दूसरे ने 'जय बजरंगबली' कहा और वह भी पार कर गया। उसी में एक अखिलेश यादव जैसा व्यक्ति भी था, जिसने सोचा कि दोनों का नाम लूंगा और वो बीच में डूब गया।

गिरिराज सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव भी उसी किरदार की तरह हैं। एक तरफ वो जेल में आजम खान से मिलने जाते हैं और दूसरी तरफ अब राम मंदिर जाने की बात कह रहे हैं।

दूसरी ओर, अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने पर उठाए जा रहे सवालों के बीच सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने उनका समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पूजा तो करनी ही चाहिए, क्योंकि पूजा हम लोगों के जीवन का आधार है। हम सनातन को मानने वाले लोग हैं और पूजा कहीं से भी की जा सकती है।

पप्पू यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि अयोध्या किसी की बपौती नहीं है। अयोध्या तो हमारे खून में है, हमारे संस्कार में है। अयोध्या इन ढोंगी बाबाओं की बपौती नहीं है। यह सनातन विरोधियों और चंदा-चोरी करने वालों के लिए भी नहीं है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

Share this story