Samachar Nama
×

अखिलेश यादव घर-घर जाकर माफी मांगें, तब भी जनता सपा को माफ नहीं करेगी: पंकज चौधरी

अखिलेश यादव घर-घर जाकर माफी मांगें, तब भी जनता सपा को माफ नहीं करेगी: पंकज चौधरी
अखिलेश यादव घर-घर जाकर माफी मांगें, तब भी जनता सपा को माफ नहीं करेगी: पंकज चौधरी

लखनऊ, 18 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी हमले तेज हो गए हैं। गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने तीखा हमला बोला है।

पंकज चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव डोर-टू-डोर जाकर माफी भी मांग लें, तब भी प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के शासनकाल के कारनामों को माफ नहीं करेगी। रथयात्रा, रोड शो और नारों के जरिए सपा अपने पुराने शासन की हकीकत से जनता का ध्यान नहीं भटका सकती।

पंकज चौधरी ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि अखिलेश यादव को राजनीतिक दिखावे के बजाय अपने शासनकाल में हुई घटनाओं और जनता के साथ हुए अन्याय का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान अपराधियों और गुंडों के भय से माताओं-बहनों को अपने ही घरों में कैद रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था। महिलाओं को भय के माहौल में अपने सपनों और आकांक्षाओं से समझौता करना पड़ा। प्रदेश की जनता उस दौर को भूली नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गाजियाबाद से गोरखपुर तक कितनी भी राजनीतिक शोबाजी कर ली जाए, नारे लगाए जाएं या वैनिटी वैन पर सवार होकर रोड शो किए जाएं, इससे सपा के प्रति जनता का नजरिया नहीं बदलने वाला। राजनीतिक यात्राओं और आयोजनों से शासनकाल की जवाबदेही खत्म नहीं होती।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द घूमती रही है। अपराधियों को संरक्षण देने और विकास के नाम पर खोखले दावे करने की उसकी राजनीति को प्रदेश की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। जनता अब सपा के अहंकार और नाकामियों का हिसाब मांग रही है।

पंकज चौधरी ने कहा कि जनता को नारों, मंचों और राजनीतिक आयोजनों से ज्यादा सुरक्षा, सम्मान और विकास के सवालों के जवाब चाहिए। अखिलेश यादव को समझना होगा कि केवल यात्राएं निकालने और रोड शो करने से पुराना रिकॉर्ड नहीं बदल जाता। प्रदेश की जनता सपा के अतीत और उसके राजनीतिक आचरण के बीच अंतर को अच्छी तरह समझती है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags