Samachar Nama
×

अजित डोभाल पर राहुल गांधी के बयान से गरमाई सियासत, धामी बोले-देशहित दलगत राजनीति से ऊपर

अजित डोभाल पर राहुल गांधी के बयान से गरमाई सियासत, धामी बोले-देशहित दलगत राजनीति से ऊपर
अजित डोभाल पर राहुल गांधी के बयान से गरमाई सियासत, धामी बोले-देशहित दलगत राजनीति से ऊपर

देहरादून, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) पर की गई टिप्पणी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राहुल गांधी को कभी माफ नहीं करेगी। सीएम ने अजीत डोभाल को देश का गौरव बताया है।

दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल पर अमर्यादित टिप्पणी की है। राहुल गांधी ने एनएसए को देश का विलेन बताया है। इसके बाद से सियासत तेज हो गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के सपूत और देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का अपमान करने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि राष्ट्र की सुरक्षा और देश का स्वाभिमान किसी भी राजनीतिक दल की सियासत से कहीं ऊपर है।

धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि विदेश की धरती पर जाकर देश की छवि धूमिल करना और सेना के शौर्य तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सवाल उठाना राहुल गांधी की राष्ट्रविरोधी सोच को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हमेशा देश की सुरक्षा और राष्ट्रसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में राज्य के गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर की जा रही टिप्पणी न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि देशवासियों की भावनाओं को भी आहत करने वाली है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर सैन्यभूमि उत्तराखंड के बढ़ते मान, सम्मान और स्वाभिमान से राहुल गांधी को इतनी दिक्कत क्यों है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर राजनीति करना उचित नहीं है और देशहित को दलगत राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की टिप्पणी से उत्तराखंड की जनता माफ नहीं करेगी।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी

Share this story

Tags