आइजोल में 1.56 करोड़ रुपए की मेथामफेटामाइन जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
आइजोल, 15 मार्च (आईएएनएस)। मिजोरम की राजधानी आइजोल में रविवार तड़के नियमित जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। अधिकारियों ने एक वाहन से करीब 1.56 करोड़ रुपए की मेथामफेटामाइन (याबा) गोलियां बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई रविवार सुबह करीब 2:30 बजे उस समय हुई जब सीआईडी (स्पेशल ब्रांच) की टीम ने थुआमपुई स्थित एएमसी कार्यालय के पास एक मैक्सी कैब सूमो (नंबर एमजेड-04-4219) को रोककर जांच की। यह वाहन बॉन्गकॉन की ओर जा रहा था। तलाशी के दौरान अधिकारियों को वाहन के भीतर छिपाकर रखी गई 1.956 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट (याबा) मिली।
पुलिस ने तुरंत वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार लोगों में वाहन चालक लालसांगलियाना (33) शामिल है, जो मूल रूप से म्यांमार के शादाव का निवासी है और फिलहाल जोखाव्थर के टाइटेसिना सेक्शन में रह रहा था। दूसरा आरोपी सैदुर हुसैन तालुकदार (34) है, जो असम के सिलचर के दुधपतिल इलाके का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार तालुकदार इस खेप का कथित रिसीवर था।
जांच में सामने आया है कि मादक पदार्थों की यह खेप जोखाव्थर से तस्करी कर लाई गई थी। तस्करों ने इसे चम्फाई, ख्वाजावल और केफांग होते हुए आइजोल तक पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, यहां से इस खेप को आगे असम के सिलचर ले जाने की योजना थी।
इस मामले में स्पेशल नारकोटिक पुलिस स्टेशन में केस नंबर 10/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी), 25 और 29(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।
--आईएएनएस
पीएसके

