Samachar Nama
×

राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति का कोई मतलब नहीं है, अयोध्या के लोगों को इग्नोर किया गया : अवधेश प्रसाद

राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति का कोई मतलब नहीं है, अयोध्या के लोगों को इग्नोर किया गया : अवधेश प्रसाद
राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति का कोई मतलब नहीं है, अयोध्या के लोगों को इग्नोर किया गया : अवधेश प्रसाद

अयोध्या, 5 सितंबर (आईएएनएस)। राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति, हल्द्वानी मामले, जन्माष्टमी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान सहित कई मामलों पर समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ की नियुक्ति पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि ऐसी नियुक्ति का कोई मतलब नहीं है, अयोध्या के लोगों को इग्नोर किया गया है। नए महासचिव गोविंद देव गिरी को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा कि उन्होंने बताया कि हमने दस्तखत ही नहीं किया, हम कभी आए भी नहीं। जिस व्यक्ति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन न किया हो और उसको प्रमोट कर दिया गया हो, इससे ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस गठन का क्या मतलब है? सपा सांसद ने कहा कि ये लोग मामले के जिम्मेदार लोगों को बचाने का काम करेंगे।

हल्द्वानी 'शुद्धिकरण' मामले को लेकर सपा सांसद ने कहा कि यह भाजपा की मानसिकता का द्योतक है। सपा के पाठशाला अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करेंगे। इस सरकार की विदाई का संकल्प लिया जाएगा। यह पूरी तरह से युवा और गरीब विरोधी सरकार है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में जब 2027 में सरकार बनेगी तो बंद किए गए स्कूलों को चलाने का ही काम नहीं किया जाएगा, बल्कि हर तरह से अच्छी व्यवस्था की जाएगी।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर अवधेश प्रसाद ने सभी का अभिनंदन करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सौहार्द का पर्व है। देशवासियों ने इस पर्व को धूमधाम से मनाया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के विचारों को भी सुना, लेकिन बहुत से और भी मुद्दे हैं जैसे- महंगाई बहुत बढ़ गई है, कानून-व्यवस्था जैसी चीज नहीं बची है और हत्याएं बढ़ती जा रही हैं। किसान तबाह हो गए हैं और युवाओं का जबरदस्त उत्पीड़न किया जा रहा है। प्रदेश में हजारों स्कूल बंद कर दिए गए।

सपा सांसद ने आगे कहा कि प्रदेश के तमाम स्कूलों को बंद करना सरकार की नीयत को उजागर करता है। सरकार गांव में रहने वाले गरीबों के बच्चों को शिक्षा से वंचित रखना चाहती है।

समाजवादी पार्टी नेता फखरुल हसन चांद ने कहा कि जब भी चुनाव नजदीक आता है, भाजपा का चश्मा धार्मिक हो जाता है। सरकार को अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी को निभाना चाहिए। रोजगार, महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी पर भाजपा की सरकार पूरी तरह से विफल है। उत्तर प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था पर भाजपा की ओर से कुछ नहीं बोला जाता। यह सरकार लोगों की आवाज दबाना चाहती है। सपा की ओर से भाजपा को मुद्दों से भागने नहीं दिया जाएगा।

--आईएएनएस

एसडी/एएस

Share this story