'कर्मचारियों के आराम की व्यवस्था जरूरी', एयरपोर्ट, होटल और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से सोनू सूद की अपील
मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता सोनू सूद ने एयरपोर्ट, होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में कार्यरत कर्मचारियों की सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक खड़े रहकर मुस्कुराते हुए सेवा देने वाले कर्मचारियों के लिए बैठने और आराम करने की उचित व्यवस्था होना एक बुनियादी कार्यस्थल मानक होना चाहिए। सोनू सूद ने इसे केवल सुविधा नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मान और इंसानियत से जुड़ा विषय बताया।
अभिनेता का कहना है कि इस बात पर जोर दिया जाए कि इन सेवा कर्मियों का सम्मान होना चाहिए और साथ ही, उनकी सुविधा के भी इंतजाम किए जाने चाहिए।
बुधवार को अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने काउंटर, लाउंज, रिसेप्शन और सर्विस डेस्क पर काम करने वाले कर्मियों की सुविधा के लिए जरूरी सामान देने की अपील की।
अभिनेता ने लिखा, "सभी एयरपोर्ट अथॉरिटी, एयरपोर्ट लाउंज, होटल और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से एक विनम्र निवेदन है। हम देखते हैं कि काउंटर, लाउंज, रिसेप्शन और सर्विस डेस्क पर स्टाफ 10-12 घंटे खड़े रहकर मुस्कराते हुए हमारी सेवा करते हैं। क्या हमने कभी सोचा है कि उनका काम कितना थका देने वाला है?"
अभिनेता ने स्टाफ के बैठने की सुविधा पर बात करते हुए लिखा, "मेरा दृढ़ विश्वास है कि उन्हें अनिवार्य रूप से ऊंचे स्टूल या बैठने की सही व्यवस्था देना और जब काम से फुर्सत मिले, तो उन्हें आराम करने देना, एक बुनियादी कार्यस्थल मानक बनना चाहिए।"
उन्होंने आगे लिखा, "हॉस्पिटैलिटी का मतलब दूसरों को आराम देना है। आइए उन लोगों के आराम को न भूलें, जो हमारी सेवा करते हैं। थोड़ा आराम कोई सुविधा नहीं है। यह सम्मान और इंसानियत की बात है।"
यह पहली बार नहीं है कि सोनू सूद लोगों की आवाज बनकर सबके सामने आए हैं। इससे पहले भी वह लोगों की मदद कर चुके हैं या उनके हक में अपनी बात रख चुके हैं। हाल ही में, सितंबर 2026 में नेपाल में आई भयंकर बाढ़ के दौरान सोनू सूद ने बाढ़ पीड़ितों को भोजन, कंबल और जरूरी राहत सामग्री वितरित की थी।
--आईएएनएस
एनएस/एएस

