Samachar Nama
×

एयर मार्शल तरुण चौधरी को मिली वायुसेना की सेंट्रल एयर कमांड

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना में एक महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन के तहत एयर मार्शल तरुण चौधरी ने 1 जून को सेंट्रल एयर कमांड (सीएसी) के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पदभार ग्रहण किया।
एयर मार्शल तरुण चौधरी को मिली वायुसेना की सेंट्रल एयर कमांड

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना में एक महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन के तहत एयर मार्शल तरुण चौधरी ने 1 जून को सेंट्रल एयर कमांड (सीएसी) के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पदभार ग्रहण किया।

बता दें कि एयर मार्शल तरुण चौधरी भारतीय वायुसेना के अनुभवी लड़ाकू पायलटों में गिने जाते हैं। उन्होंने एयर मार्शल बालाकृष्णन मणिकांतन का स्थान लिया। एयर मार्शल बालाकृष्णन मणिकांतन एक दिन पहले ही रविवार 31 मई को लगभग 40 वर्षों की विशिष्ट और समर्पित सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं।

एयर मार्शल तरुण चौधरी एक अनुभवी फाइटर पायलट हैं। उन्हें दिसंबर 1989 में भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, कॉलेज ऑफ एयर वारफेयर तथा नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं।

अपने लंबे और उल्लेखनीय सैन्य करियर के दौरान एयर मार्शल तरुण चौधरी ने कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनल, स्टाफ और कूटनीतिक जिम्मेदारियां का निर्वहन किया है। वह देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने स्वीडन स्थित भारतीय दूतावास में रक्षा अताशे के रूप में कार्य किया है। इस दौरान उन्हें नॉर्वे, फिनलैंड और डेनमार्क के लिए भी मान्यता प्राप्त थी।

इसके अलावा उन्होंने मुख्यालय इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (आईडीएस) और वायुसेना मुख्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यहां कार्य करते हुए उन्होंने परियोजनाओं, रक्षा खरीद और मानव संसाधन प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता विकसित की।

एयर मार्शल चौधरी को भारतीय वायुसेना में क्षमता निर्माण और आधुनिक तकनीकों के समावेशन से जुड़े कई परिवर्तनकारी कार्यक्रमों का नेतृत्व करने का श्रेय भी दिया जाता है। उन्होंने भविष्य की युद्धक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनेक परियोजनाओं को आगे बढ़ाया, जिससे वायुसेना की परिचालन क्षमता को मजबूती मिली।

सेंट्रल एयर कमांड की जिम्मेदारी संभालने से पहले वे दक्षिणी वायु कमान मुख्यालय में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। उनके व्यापक अनुभव और रणनीतिक दृष्टि को देखते हुए यह नियुक्ति भारतीय वायुसेना के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

दरअसल, सेंट्रल एयर कमांड भारतीय वायुसेना की सबसे महत्वपूर्ण कमानों में से एक है, जिसके जिम्मे देश के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में वायु सुरक्षा, सामरिक तैयारियों तथा विभिन्न सैन्य अभियानों का समन्वय होता है। ऐसे में एयर मार्शल तरुण चौधरी की नियुक्ति को भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता और आधुनिकीकरण प्रयासों को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी

Share this story

Tags