एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे वायुसेना के नए प्रमुख, वीडियो में जाने कारगिल युद्ध में भी निभा चुके हैं अहम भूमिका
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख होंगे। वह 31 अक्टूबर 2026 को देश के 29वें एयर चीफ मार्शल के रूप में कार्यभार संभालेंगे। फिलहाल वह वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ के पद पर तैनात हैं। उन्होंने 1 जुलाई 2026 को इस पद की जिम्मेदारी संभाली थी।आशुतोष दीक्षित मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे। अमर प्रीत सिंह 30 सितंबर 2024 को वायुसेना प्रमुख बने थे और 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
करीब 40 साल का सैन्य अनुभव
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना में करीब 40 साल का अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने ऑपरेशनल फाइटर स्क्वाड्रन और फ्रंटलाइन एयर बेस की कमान संभाली है।वह कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों और अभ्यासों का हिस्सा रह चुके हैं। इनमें ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर शामिल हैं।
कारगिल युद्ध में भी निभाई भूमिका
आशुतोष दीक्षित ने कारगिल युद्ध के दौरान भी ऑपरेशनल भूमिका निभाई थी। उन्होंने फाइटर जेट से घुसपैठियों के ठिकानों पर बमबारी की थी। उन्हें करीब 20 तरह के लड़ाकू विमानों को उड़ाने का अनुभव है।उनका करियर लड़ाकू विमान संचालन के साथ-साथ वायुसेना की रणनीतिक और ऑपरेशनल जिम्मेदारियों से भी जुड़ा रहा है।
स्वदेशी तेजस प्रोजेक्ट को बढ़ावा देने में योगदान
एयर मार्शल दीक्षित ने भारतीय वायुसेना में स्वदेशी LCA तेजस और दूसरे स्वदेशी विमान प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुभव का इस्तेमाल देश की स्वदेशी रक्षा क्षमता और वायुसेना के आधुनिकीकरण से जुड़े प्रयासों में किया गया है।
31 अक्टूबर को संभालेंगे कमान
मौजूदा एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह के रिटायरमेंट के बाद 31 अक्टूबर को आशुतोष दीक्षित वायुसेना प्रमुख का पद संभालेंगे। इसके साथ ही वह भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख बन जाएंगे। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हो रही है जब भारतीय वायुसेना आधुनिकीकरण, स्वदेशी लड़ाकू विमानों की क्षमता बढ़ाने और भविष्य की सैन्य चुनौतियों के लिए अपनी ऑपरेशनल तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दे रही है।

