एअर इंडिया का पायलट अल्कोहल टेस्ट में फेल, ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट से पहले उतारा गया; फुटेज में देंखे जांच तक निलंबित
एअर इंडिया के एक पायलट को उड़ान से पहले अल्कोहल टेस्ट में फेल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। यह मामला ज्यूरिख से दिल्ली आने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट से जुड़ा है। एयरलाइन ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए पायलट को अंतिम मेडिकल रिपोर्ट और जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया है।
यह घटना 6 सितंबर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, ज्यूरिख एयरपोर्ट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरने से पहले ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ को पायलट से शराब जैसी गंध महसूस हुई। इसके बाद कर्मचारियों ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद विमान से उतारा गया
सूचना मिलने के बाद पायलट का अल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उड़ान भरने से कुछ समय पहले पायलट को विमान से उतार दिया गया।पायलट को यात्री के रूप में उसी फ्लाइट से भारत भेजा गया। इस घटना के कारण ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट तय समय पर ऑपरेट नहीं हो सकी और उड़ान में देरी हुई।
स्विस एविएशन अथॉरिटी ने की पुष्टि
स्विस फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन (FOCA) ने भी इस मामले की पुष्टि की है। FOCA के अनुसार, पायलट के खिलाफ स्विट्जरलैंड के नियमों के तहत कार्रवाई की गई और इसकी जानकारी भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी गई।मामले में आगे की कार्रवाई अंतिम मेडिकल रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
पायलटों के लिए अल्कोहल और ड्रग टेस्ट अनिवार्य
भारत में विमान संचालन से जुड़े नियमों के तहत पायलटों का उड़ान से पहले ड्रग और अल्कोहल टेस्ट अनिवार्य है। यह नियम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है।भारत से उड़ान भरने वाले पायलटों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाती है। वहीं, विदेश से भारत आने वाली उड़ानों के पायलटों के लिए भी संबंधित देशों के नियमों और भारतीय विमानन सुरक्षा मानकों के अनुसार कार्रवाई की जाती है।

