एअर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी, 300 फीट नीचे आया विमान; फुटेज में देंखे 17 यात्री घायल, दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग
थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट मंगलवार को अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। हवा के तेज झटकों के कारण विमान करीब 300 फीट तक नीचे आ गया। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया और विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में कुल 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर्स सवार थे। घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एअर इंडिया के मुताबिक, इस घटना में 13 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स समेत कुल 17 लोग घायल हुए हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान
जानकारी के अनुसार, विमान मंगलवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 11:07 बजे सुरक्षित लैंड हुआ। लैंडिंग के बाद घायल यात्रियों और क्रू सदस्यों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इनमें से 5 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य यात्रियों का इलाज अभी जारी है। एयरलाइन की टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं और यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
यात्रियों ने बताया डरावना अनुभव
फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने घटना को लेकर बताया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद विमान में अचानक तेज झटके महसूस होने लगे। यात्री के मुताबिक, घटना सुबह के समय हुई और ज्यादातर लोग उस वक्त सो रहे थे।यात्री ने बताया कि अचानक विमान जोर-जोर से हिलने लगा। करीब 2 से 3 मिनट तक स्थिति बेहद डरावनी बनी रही और ऐसा महसूस हुआ जैसे विमान हवा में नियंत्रण खो रहा हो। इस दौरान यात्रियों में डर का माहौल फैल गया।
एअर इंडिया ने जारी किया बयान
घटना के बाद एअर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गया है। एयरलाइन ने पहले जानकारी दी थी कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।हालांकि, बाद में विस्तृत जांच के बाद 17 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है और प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता दी जा रही है।
टर्बुलेंस के कारण विमान में बढ़ जाता है खतरा
एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार, टर्बुलेंस के दौरान विमान को अचानक ऊपर-नीचे झटके लग सकते हैं। कई बार तेज हवा के दबाव में विमान कुछ ऊंचाई तक नीचे आ सकता है। हालांकि, आधुनिक विमान और प्रशिक्षित पायलट ऐसी परिस्थितियों से निपटने में सक्षम होते हैं।एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 की घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच और पूरे मामले की समीक्षा की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा और टर्बुलेंस के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।

