वायुसेना प्रमुख ने सुरक्षा पर जताई चिंता: बोले- अंदरूनी सेंधमारी सबसे बड़ा जोखिम, हनी ट्रैप के जाल में फंसे 3 सैनिक
देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भारतीय वायुसेना में हनीट्रैप के जरिए संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिशों के मामले सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी ऐसे मामलों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और जवानों को इस तरह के जाल से बचने के लिए लगातार जागरूक किया जाता है।
हाल के दिनों में वायुसेना के कुछ अधिकारियों के हनीट्रैप में फंसने से जुड़े सवाल पर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने स्वीकार किया कि ऐसे मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया गया है। चूंकि कुछ मामले अदालत में विचाराधीन हैं, इसलिए इस पर ज्यादा टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
सोशल मीडिया के जरिए बिछाया जा रहा हनीट्रैप का जाल
जांच से जुड़े मामलों में सामने आया है कि संदिग्ध पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय सैन्य अधिकारियों से संपर्क बनाने की कोशिश करते हैं। पहले दोस्ती और निजी बातचीत के जरिए भरोसा जीता जाता है। इसके बाद धीरे-धीरे संवेदनशील सैन्य जानकारियां हासिल करने का प्रयास किया जाता है।
हाल ही में सामने आए एक मामले में भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव को गोपनीय सैन्य जानकारियां देने का आरोप लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारी को सोशल मीडिया पर एक महिला के नाम से संपर्क किया गया था। बातचीत बढ़ने के बाद कथित तौर पर सैन्य ठिकानों, विमानों की तैनाती और सैन्य अभ्यास से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं।
मोबाइल फोन और ऐप के जरिए भी जासूसी का खतरा
इस मामले की जांच में एक संदिग्ध ऐप का भी जिक्र सामने आया है। आरोप है कि अधिकारी ने अपने एक सहकर्मी के मोबाइल में ऐसा ऐप इंस्टॉल करवाया, जिसके जरिए फोन का डेटा हासिल करने की कोशिश की जा सकती थी। जांच एजेंसियां इस पूरे डिजिटल नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
वायुसेना प्रमुख ने अधिकारियों को किया सतर्क
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा कि वह अपने अधिकारियों को लगातार इस तरह के जाल से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह देते हैं। सैन्य अधिकारियों के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अंदरूनी खतरा भी गंभीर
रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, आधुनिक दौर में जासूसी केवल सीमाओं पर ही नहीं होती। सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म, फर्जी पहचान और साइबर तकनीक के जरिए भी संवेदनशील सूचनाएं हासिल करने की कोशिश की जाती है। ऐसे में सैन्य संस्थानों के भीतर सुरक्षा नियमों का पालन और कर्मचारियों की जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
देश की सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को गोपनीय रखना हर सैन्य अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है। यही वजह है कि हनीट्रैप और डिजिटल जासूसी के मामलों को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं।

