एआईएमआईएम-एएसपी के गठबंधन पर अवधेश प्रसाद का तंज, बोले-'जनता को अखिलेश के नेतृत्व पर है भरोसा'
अयोध्या/जौनपुर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और आजाद समाज पार्टी (एएसपी) के गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है और इसके लिए समाजवादी पार्टी, पीडीए तथा इंडी गठबंधन को ही विकल्प मान रही है। वहीं, भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि किसी भी गठबंधन से भाजपा को कोई नुकसान नहीं होने वाला है।
एआईएमआईएम-एएसपी के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है कि भाजपा को सत्ता से हटाने की ताकत केवल समाजवादी पार्टी, पीडीए, इंडी गठबंधन और उनके नेता अखिलेश यादव के पास है। उन्होंने कहा कि जनता अब किसी तरह के भ्रम में नहीं है। कौन किससे मिल रहा है और किस उद्देश्य से बैठकें कर रहा है, यह सब जनता अच्छी तरह समझती है। जनता जानती है कि कौन किसे जिताने के लिए राजनीतिक समीकरण बना रहा है।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री पीडीए और अखिलेश यादव की बढ़ती लोकप्रियता से घबराए हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए की बढ़ती ताकत को देखकर मुख्यमंत्री परेशान हैं और इसी घबराहट में बयान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री का बयान इसी राजनीतिक बेचैनी का परिणाम है।
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने एआईएमआईएम-एएसपी की पार्टी के गठबंधन पर कहा कि दोनों दल चाहे 200 सीटों पर भी चुनाव लड़ लें, इससे भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कोई भी गठबंधन या राजनीतिक मोर्चा भाजपा को सत्ता में आने से नहीं रोक सकता।
गिरीश चंद्र यादव ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय सपा ने विजय यात्रा निकाली थी और विजय रथ लेकर चुनाव मैदान में उतरी थी लेकिन उसका विजय रथ पंचर हो गया और भाजपा ने दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ सरकार बनाई।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई ताकत भाजपा को दोबारा सरकार बनाने से नहीं रोक सकती।
इसी तरह एआईएमआईएम-एएसपी गठबंधन को लेकर प्रदेश की राजनीति में सपा और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दोनों दलों के नेता आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी-अपनी जीत को लेकर दावे कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

