Samachar Nama
×

एम्स-पटना में प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट सहित कई पदों पर नियुक्ति का अवसर, 20 अगस्त तक करें आवेदन

एम्स-पटना में प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट सहित कई पदों पर नियुक्ति का अवसर, 20 अगस्त तक करें आवेदन
एम्स-पटना में प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट सहित कई पदों पर नियुक्ति का अवसर, 20 अगस्त तक करें आवेदन

पटना, 7 अगस्त (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक खास मौका सामने आया है। एम्स-पटना ने कम्युनिटी एंड फैमिली मेडिसिन विभाग के तहत सीसीआरएएस द्वारा फंडेड एक्स्ट्रा-म्यूरल प्रोजेक्ट्स के लिए विभिन्न पदों पर अस्थायी आधार पर काम करने के लिए योग्य उम्मीदवारों से आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

एम्स-पटना की ओर से जारी रिक्तियों में प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट-I (मेडिकल) का 1, प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-III (एमएसडब्ल्यू) का 1, प्रोजेक्ट नर्स-III का 1, प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-I (लैब टेक्नीशियन) के 2 और एसआरएफ आयुर्वेद का 1 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म निर्धारित पते पर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट-I (मेडिकल) पोस्ट के लिए कम से कम एमबीबीएस डिग्री; प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-III (एमएसडब्ल्यू) के लिए सोशल वर्क, सोशियोलॉजी या किसी अन्य संबंधित विषय में तीन वर्ष की ग्रेजुएट डिग्री और संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष के काम का अनुभव या सोशल वर्क, सोशियोलॉजी या किसी अन्य संबंधित विषय में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री; प्रोजेक्ट नर्स-III के लिए बीएससी नर्सिंग और संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष के काम का अनुभव के साथ ही किसी भी राज्य नर्सिंग काउंसिल में वैध रजिस्ट्रेशन या एमएससी नर्सिंग और किसी भी राज्य नर्सिंग काउंसिल में वैध रजिस्ट्रेशन; प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-I (लैब टेक्नीशियन) के लिए मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (डीएमएलटी/एमएलटी) में डिप्लोमा और संबंधित क्षेत्र में दो वर्ष का कार्य अनुभव या संबंधित विषय/क्षेत्र में तीन वर्ष की ग्रेजुएट डिग्री और संबंधित क्षेत्र में एक वर्ष का कार्य अनुभव; और एसआरएफ आयुर्वेद के लिए बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) की डिग्री और डिग्री का वैध रजिस्ट्रेशन होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-I (लैब टेक्नीशियन) पोस्ट के लिए 28 वर्ष और अन्य सभी पदों के लिए 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, इंटरव्यू/लिखित परीक्षा/स्किल टेस्ट/टाइपिंग टेस्ट के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 18,000 से 67,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एम्स-पटना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर 'सामुदायिक और परिवार चिकित्सा विभाग, पहली मंजिल, एडमिन बिल्डिंग, एम्स पटना, पटना, पिन कोड- 801507 (बिहार)' के पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story