Samachar Nama
×

एम्स-दिल्ली में प्रोजेक्ट नर्स सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, 23 नवंबर तक करें आवेदन

एम्स-दिल्ली में प्रोजेक्ट नर्स सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, 23 नवंबर तक करें आवेदन
एम्स-दिल्ली में प्रोजेक्ट नर्स सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, 23 नवंबर तक करें आवेदन

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। एम्स-नई दिल्ली ने 3 वर्ष की अवधि के लिए प्रोजेक्ट नर्स सहित विभिन्न 6 पदों पर भर्ती की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक विज्ञापन प्रकाशित करके की है।

एम्स-दिल्ली की ओर से जारी 6 रिक्तियों में प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट - I (नॉन-मेडिकल) के 2, प्रोजेक्ट नर्स-III के 3 और प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-III का एक पद शामिल है।

इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन प्रक्रिया जारी है और आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे अपना अपडेटेड सीवी अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल करने के साथ उसे 'कमरा नंबर 802, 8वीं मंजिल, बाल चिकित्सा विभाग, मदर एंड चाइल्ड ब्लॉक (एमसीबी), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), अंसारी नगर, नई दिल्ली' पते पर रजिस्टर डाक के माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले पहुंचा दें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट - I (नॉन-मेडिकल) के लिए पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री, जिसमें इंटीग्रेटेड पीजी डिग्रियां भी शामिल हैं और इंजीनियरिंग/आईटी/सीएस के लिए चार वर्ष की ग्रेजुएट डिग्री; प्रोजेक्ट नर्स-III के लिए चार वर्षीय नर्सिंग पाठ्यक्रम; और प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-III के लिए संबंधित विषय/क्षेत्र में तीन वर्ष की ग्रेजुएट डिग्री के साथ योग्यता प्राप्त करने के बाद तीन वर्ष का अनुभव या संबंधित विषय/क्षेत्र में पोस्च-ग्रेजुएट (पीजी) डिग्री या इंजीनियरिंग/आईटी/सीएस के लिए चार साल की ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु सभी पदों के लिए 35 वर्ष तय की गई है। वहीं, चयनित कर्मचारियों की सैलरी प्रोजेक्ट रिसर्च साइंटिस्ट - I (नॉन-मेडिकल) के लिए 56,000 रुपए प्रति माह और प्रोजेक्ट नर्स-III एवं प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-III के लिए 28,000 रुपए प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

--आईएएनएस

डीके/पीएम

Share this story