Samachar Nama
×

एआई समिट हंगामा: कांग्रेस के खिलाफ बिहार में एनडीए का प्रदर्शन, संतोष सुमन बोले- रद्द हो पार्टी की मान्यता

पटना, 21 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के 'भारत मंडपम' में आयोजित 'एआई समिट' के दौरान यूथ कांग्रेस के सदस्यों की ओर से टी-शर्ट उतारकर किए गए प्रदर्शन और हंगामे को लेकर एनडीए आक्रोशित है। शनिवार को भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

पटना में बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय से प्रदर्शन शुरू किया और पैदल मार्च करते हुए इनकम टैक्स गोलंबर तक पहुंचे। इस दौरान सभी कार्यकर्ता कांग्रेस और राहुल गांधी के विरोध में लिखी नारे वाली तख्तियां लिए हुए थे और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कुम्हरार के विधायक संजय गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 'भारत मंडपम' जैसे प्रतिष्ठित स्थान पर, जहां दुनिया भर के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि जुटे थे, वहां यूथ कांग्रेस के सदस्यों की ओर से किया गया व्यवहार न सिर्फ अशोभनीय है बल्कि राष्ट्रविरोधी भी है।

‎इधर, बिहार के मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष संतोष सुमन ने कांग्रेस के हंगामे की निंदा करते हुए इसे राष्ट्र विरोधी कार्य बताया। उन्होंने कहा कि एआई शिखर सम्मेलन जैसे ऐतिहासिक मंच पर, जहां भारत अपनी प्रतिभा और वैश्विक नेतृत्व से दुनिया को दिशा दे रहा था, वहीं कांग्रेस ने अपनी संकीर्ण और ओछी राजनीति से देश का सिर झुकाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण राजनीतिक असहमति नहीं है, बल्कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, आत्मसम्मान और भविष्य पर सीधा प्रहार है। जब भारत विश्व पटल पर अपने नेतृत्व को सशक्त कर रहा है, तब कांग्रेस बार-बार देशविरोधी करतबों में लिप्त दिखाई देती है। यही नहीं, ऐसे मौकों पर उसका भीतर छिपा राष्ट्रविरोधी चेहरा खुलकर सामने आता है।

उन्होंने कहा कि विश्व मंच पर भारत को कमजोर दिखाने का षड्यंत्र रचने वाले कांग्रेस की यह हरकत निंदनीय ही नहीं, बल्कि अक्षम्य है। पूरा देश आक्रोशित है और जवाब चाहता है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा इस घृणित कृत्य की कठोर निंदा करता है और केंद्र सरकार से मांग करता है कि इस राष्ट्रविरोधी आचरण के लिए कांग्रेस पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए व उसकी राजनीतिक मान्यता तत्काल रद्द की जाए।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीसीएच

Share this story

Tags