Samachar Nama
×

एआई डेटा सेंटर को लेकर रोहित पवार ने कसा तंज, बोले-भाजपा की हो सकती है ट्रंप जैसी स्थिति

एआई डेटा सेंटर को लेकर रोहित पवार ने कसा तंज, बोले-भाजपा की हो सकती है ट्रंप जैसी स्थिति
एआई डेटा सेंटर को लेकर रोहित पवार ने कसा तंज, बोले-भाजपा की हो सकती है ट्रंप जैसी स्थिति

बारामती, 9 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने सोमवार को दिवंगत अजित पवार के स्मारक पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने उज्जनी बांध के पास प्रस्तावित एआई डेटा सेंटर परियोजना और गोकुल मिल्क यूनियन में चल रहे सत्ता संघर्ष पर प्रतिक्रिया दी।

विधायक रोहित पवार ने कहा, "इस साल पवार परिवार वहां दिवाली नहीं मना रहा है, इसके दो कारण हैं। पहला, अजीत दादा अब हमारे बीच नहीं रहे। एक हादसे में उनका निधन हो गया। दूसरा, महाराष्ट्र भीषण सूखे का सामना कर रहा है, जिससे किसानों और मजदूरों के सामने बड़ी मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। इसलिए हम सभी ने मिलकर यह फैसला लिया है कि दीपावाली नहीं मनाई जाएगी।"

उज्जनी में एआई डेटा सेंटर के विरोध और शरद पवार द्वारा उठाए गए सवाल पर रोहित पवार ने कहा, "बोलते समय पवार साहब 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (एआई) की बात कर रहे थे, जबकि मैं 'एआई डेटा सेंटर्स' की बात कर रहा था। डेटा सेंटर एक तरह का गोदाम (वेयरहाउस) होता है। जैसे आप किसी गोदाम में सामान रखते हैं और उसकी सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात करते हैं, वैसे ही डेटा सेंटर्स में भी बहुत ज़्यादा रोजगार पैदा नहीं होते, हालांकि डेटा सेंटर्स को चलाने और उनके सर्वर्स को ठंडा रखने के लिए बहुत बड़ी मात्रा में पानी की जरूरत होती है। साथ ही, इसके आसपास जो 10 से 15 किलोमीटर के दायरे तक तापमान बढ़ सकता है और प्रदूषण तथा शोर का स्तर भी बढ़ जाता है। इसलिए मेरा विरोध डेटा सेंटर्स को लेकर था, जबकि पवार साहब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में बात कर रहे थे।"

रोहित पवार ने कहा, "अगर आप अमेरिका के मध्यावधि चुनावों (मिडटर्म इलेक्शन) को देखें तो डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की हार का मुख्य कारण एआई डेटा सेंटर्स के खिलाफ जनता का बढ़ता विरोध था। अगर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता एआई डेटा सेंटर्स के बारे में और जानना चाहते हैं, तो उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी के दोस्त डोनाल्ड ट्रंप को फोन करना चाहिए, जो पहले से नाराज हैं। अगर महाराष्ट्र भाजपा राज्य में ऐसे एआई डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स लाती है जिनसे रोजगार तो बहुत कम मिलता है, लेकिन पानी बहुत ज्यादा खर्च होता है। इसके उलट, पानी की कम खपत वाले चिप मैन्युफैक्चरिंग जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स को गुजरात ले जाते हैं, तो महाराष्ट्र भाजपा को भी वैसी ही स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, जैसी ट्रंप को करनी पड़ी।"

--आईएएनएस

ओपी/वीसी

Share this story