Samachar Nama
×

आगरा-जयपुर हाईवे पर 115.160 किलो अवैध अफीम के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

भोपाल, 21 जून (आईएएनएस)। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई के अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 115.160 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। इसके अवैध परिवहन में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आगरा-जयपुर हाईवे पर 115.160 किलो अवैध अफीम के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

भोपाल, 21 जून (आईएएनएस)। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई के अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 115.160 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। इसके अवैध परिवहन में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

सीबीएन नीमच को गुप्त सूचना मिली कि झारखंड की एक कार में भारी मात्रा में अवैध अफीम को गुवाहाटी से जोधपुर ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर सीबीएन नीमच के अधिकारियों की एक विशेष टीम का गठन कर दिनांक 19 जून को तैनात किया गया।

प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर लगभग 2,000 किलोमीटर लंबे मार्ग पर कड़ी निगरानी एवं सतत सर्विलांस रखा गया। संदिग्ध वाहन की सफल पहचान के बाद सीबीएन अधिकारियों ने 20 जून की प्रातः में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सिकंदरा टोल प्लाजा पर क्रेटा कार को उसके चालक सहित रोक लिया।

इसके बाद वाहन की तलाशी के दौरान डिक्की में रखी तीन बोरियों से कुल 109 पैकेट बरामद हुए, जिनमें 115.160 किलोग्राम अफीम पाई गई। यह भी पाया गया कि तस्करों द्वारा अफीम की गंध को छिपाने के उद्देश्य से वाहन के अंदर भारी मात्रा में इत्र (परफ्यूम) का छिड़काव किया गया था। आरोपी चालक को टीम ने मौके से ही गिरप्तार कर लिया और जब्त की गई अफीम एवं हुंडई क्रेटा कार को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया गया है।

प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि उक्त मादक पदार्थ की तस्करी गुवाहाटी से जोधपुर की ओर की जा रही थी। इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी तथा स्रोत से गंतव्य तक सम्पूर्ण आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मध्य प्रदेश इकाई द्वारा इस वर्ष अभी तक कुल 69 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और 98 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सीबीएन भविष्य में भी खुफिया सूचनाओं पर आधारित कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने और देशभर में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags