Samachar Nama
×

अगले साल टेस्ट से संन्यास लेंगे मुशफिकुर रहीम, इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच

अगले साल टेस्ट से संन्यास लेंगे मुशफिकुर रहीम, इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच
अगले साल टेस्ट से संन्यास लेंगे मुशफिकुर रहीम, इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच

ढाका, 28 दिसंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेशी दिग्गज बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम साल 2027 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। वह इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के बाद संन्यास ले लेंगे।

इस फैसले की जानकारी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने दी। मुशफिकुर ने कुछ दिन पहले फोन पर उन्हें अपने संन्यास के बारे में बताया था। तमीम ने बताया कि उन्होंने मुशफिकुर से खुद यह घोषणा करने के लिए कहा था, लेकिन क्रिकेटर ने उनसे अपनी ओर से यह बात बताने का अनुरोध किया।

तमीम ने कहा, "मुशफिकुर रहीम इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद संन्यास लेने जा रहे हैं। मुशफिकुर ने कुछ दिन पहले मुझे फोन करके अपने फैसले के बारे में बताया था। उसके बाद से मैं लगातार उनके संपर्क में था। मैंने उनसे कहा कि वे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करें और खुद इसकी घोषणा करें। मैंने उनसे यह भी कहा कि वे फेसबुक पर कोई स्टेटस न डालें, क्योंकि वे बांग्लादेश क्रिकेट के लिए एक बहुत ही बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं और मैं चाहता था कि यह सब सही तरीके से हो, लेकिन उन्होंने मुझे ही यह घोषणा करने के लिए कहा है। उनके कहने पर ही मैं यह घोषित कर रहा हूं कि इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर टेस्ट उनका आखिरी मैच होगा।"

तमीम ने टीम के लिए मुशफिकुर के योगदान की जमकर तारीफ करते हुए कहा, "बीसीबी की तरफ से, हम उन्हें बस धन्यवाद ही दे सकते हैं और बांग्लादेश क्रिकेट में उनके योगदान को सराह सकते हैं। वे एक बेहतरीन एंबेसडर रहे हैं और कई क्रिकेटरों तथा बच्चों के लिए एक आदर्श रहे हैं। इसलिए, बीसीबी निश्चित रूप से मुशफिक के लिए एक बड़ा जश्न आयोजित करेगा। समय के साथ कुछ और चीजें भी होंगी, जिनके बारे में आप आगे जान सकेंगे और देख सकेंगे। मुझे दुख हो रहा है; मुझे बुरा लग रहा है कि उनके स्तर के एक क्रिकेटर ने संन्यास लेने का फैसला किया है। लेकिन चलिए, इस टेस्ट मैच को एक यादगार आयोजन बनाते हैं।"

इंग्लैंड की टीम अगले साल फरवरी में दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगी। यह अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज पहले ही टी20 और वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुका है और अब वे टेस्ट फॉर्मेट को भी अलविदा कहेंगे।

मुशफिकुर रहीम टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक 7062 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। साथ ही, वे इस फॉर्मेट में बांग्लादेश की तरफ से सर्वाधिक 108 मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। उनके नाम तीन 'दोहरे शतक' भी दर्ज हैं। तमीम ने साल 2005 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था और हाल ही में वे इस फॉर्मेट में 7000 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी भी बने।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story