अगर बोर्ड चाहे तो दोबारा सीईओ की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हूं: जेनसेन हुआंग
वाशिंगटन, 17 नवंबर (आईएएनएस)। एनवीडिया के संस्थापक जेनसेन हुआंग ने अमेरिका को अपना देश और एनवीडिया को जीवन भर का लक्ष्य बताते हुए अपनी गलतियों की जिम्मेदारी ली। हुआंग ने कहा कि अगर बोर्ड चाहेगा तो वह सीईओ के रूप में वापसी के लिए तैयार हैं।
एनवीडिया के संस्थापक जेनसेन हुआंग ने अपने पद से हटने के बाद पहली बार बयान जारी किया। हुआंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बयान जारी करते हुए बताया कि पिछले एक हफ्ते में उन्हें दोस्तों, उद्योग जगत के सहयोगियों और उन लोगों से भी बहुत प्यार और समर्थन मिला है, जिन्हें वे व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते। उन्होंने इसके लिए सभी का धन्यवाद किया।
उन्होंने पोस्ट किया, "पिछले एक सप्ताह में मुझे जितना प्यार और समर्थन मिला है, उससे मैं भावुक हूं। मेरे परिवार और मेरे प्रति जिन्होंने भी दयालुता दिखाई, मैं उन सभी का दिल से आभारी हूं। इसका मेरे लिए बहुत बड़ा महत्व है।"
हुआंग ने बताया कि वह 53 साल पहले अमेरिका आए थे और अमेरिकी नागरिक बनना उनके जीवन के सबसे गर्व और खुशी के क्षणों में से एक था।
उन्होंने कहा, "एनवीडिया मेरे जीवन का सबसे बड़ा काम रहा है। अपने साथियों के साथ मिलकर इसे आज जिस मुकाम तक पहुंचाया है, वह मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। अमेरिका के अलावा शायद दुनिया में कहीं और एनवीडिया जैसी कंपनी बन पाना संभव नहीं होता। मुझे अपने देश से प्यार है और मुझे एनवीडिया से भी बेहद लगाव है।"
उन्होंने स्वीकार किया कि वह एनवीडिया के कर्मचारियों से अपेक्षित मानकों पर खरे नहीं उतरे और अपनी निजी जिंदगी में उन्होंने गंभीर गलतियां कीं।
हुआंग ने कहा, "मैं उन मानकों पर खरा नहीं उतर पाया जिनकी उम्मीद एनवीडिया में हर व्यक्ति से की जाती है। मैंने अपने निजी जीवन में गंभीर गलतियां की हैं। मेरी वजह से बोर्ड को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ा, उसके लिए मुझे गहरा अफसोस है। मैं अपनी गलतियों की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं और बोर्ड की ओर से कराई जा रही स्वतंत्र जांच में पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हूं।"
उन्होंने कहा कि मेरे जाने के बाद एनवीडिया के कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों की ओर से बड़ी संख्या में यह मांग उठी है कि मैं फिर से सीईओ के रूप में लौटूं। आज भी कई लोग सीधे मुझसे संपर्क कर रहे हैं, क्योंकि कंपनी तकनीकी, बाजार, प्रतिस्पर्धा और भू-राजनीतिक चुनौतियों से गुजर रही है।
हुआंग ने कहा कि एनवीडिया एक ऐसी कंपनी है जो पीढ़ियों में एक बार देखने को मिलती है। उन्होंने आगे कहा कि अगर निदेशक मंडल यह तय करता है कि मेरा वापस आना शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में है, तो मैं इस जिम्मेदारी को दोबारा संभालने के लिए खुद को सम्मानित महसूस करूंगा और सीईओ के रूप में लौटने के लिए तैयार हूं।"
अपने संदेश के अंत में उन्होंने सभी शुभचिंतकों का एक बार फिर धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मैं अपने परिवार से बेहद प्यार करता हूं और अपनी पूरी जिंदगी इस कोशिश में लगाऊंगा कि आपके प्यार और भरोसे के योग्य बन सकूं।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी

