Samachar Nama
×

'अगर आपका प्रोडक्ट अच्छा है, तो वो नंबर वन होगा', चहल-ईशांत ने मिलकर लॉन्च किया एनर्जी ड्रिंक 'एक्वॉन'

'अगर आपका प्रोडक्ट अच्छा है, तो वो नंबर वन होगा', चहल-ईशांत ने मिलकर लॉन्च किया एनर्जी ड्रिंक 'एक्वॉन'
'अगर आपका प्रोडक्ट अच्छा है, तो वो नंबर वन होगा', चहल-ईशांत ने मिलकर लॉन्च किया एनर्जी ड्रिंक 'एक्वॉन'

गुरुग्राम, 13 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल और ईशांत शर्मा ने मिलकर नई एनर्जी ड्रिंक 'एक्वॉन' लॉन्च किया है। चहल ने बताया कि इस ड्रिंक को हर उम्र के लोग पी सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसमें शुगर की मात्रा भी उतनी ही रख गई है, जितनी शरीर के लिए आवश्यक है।

युजवेंद्र चहल के अनुसार, एक तरफ क्रिकेट खेलने के साथ-साथ वह चाहते थे कि उनका भी कोई प्रोडक्ट हो और इसी मकसद से इस एनर्जी ड्रिंक को मार्केट में उतारने का फैसला किया है। उन्होंने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "मेरे हिसाब से यह एनर्जी ड्रिंक हर किसी के लिए है। जिस तरह से हम बचपन में रसना पीते थे, तो इसका आप वैसे ही इस्तेमाल कर सकते हैं। खिलाड़ी से लेकर हर उम्र के लोग इसे ले सकते हैं।" चहल ने बताया कि उन्हें और ईशांत को यह ड्रिंक लॉन्च करने में 7 से 8 महीने तक का समय लगा और उन्होंने कई तरह की ड्रिंक को टेस्ट करने के बाद अपना ड्रिंक बनाया।

चहल से जब पूछा गया कि एक क्रिकेटर होने के नाते अपने प्रोडक्ट पर काम करना या इसके लिए समय निकालना कितना मुश्किल रहा, इस पर भारतीय स्पिनर ने कहा, "हम एक तरफ क्रिकेट खेल रहे हैं। मैं आईपीएल और काउंटी में खेल रहा हूं। हालांकि, हम चाहते थे कि हमारा भी एक ब्रांड होना चाहिए और समय था, तो हमने सोचा चलिए इसे शुरू करते हैं।" चहल ने बताया कि उनके इस प्रोडक्ट में शुगर की मात्रा 10 प्रतिशत है,जो शरीर के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि कई खिलाड़ी चॉकलेट का सेवन करते हैं, लेकिन इसको लेने के बाद उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

वहीं, ईशांत शर्मा ने 'आईएएनएस' को बताया कि उनका और चहल का मकसद एक अच्छा प्रोडक्ट बनाने पर रहा है। उन्होंने कहा, "अब तक हमने टैगलाइन पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया है। हमारा पूरा ध्यान एक अच्छा प्रोडक्ट बनाने पर रहा है। हमने अब तक ऐसा अच्छा प्रोडक्ट बनाने पर काम किया है जिससे यह सभी लोगों को पसंद आए। जैसे-जैसे यह प्रोडक्ट लोगों को पसंद आएगा, वैसे-वैसे हम इसके बारे में सोचेंगे।"

ईशांत ने बताया कि स्वाद के मामले में उनका प्रोडक्ट बाकी एनर्जी ड्रिंक से काफी बेहतर है। उन्होंने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा, "अगर आपका प्रोडक्ट अच्छा है, तो इससे फर्क नहीं पड़ता है कि मार्केट में आपके कितने प्रतिद्वंद्वी हैं। यह ठीक उसी तरह है जैसे क्रिकेट में खेलते समय आप जो कर रहे होते हैं, वो बाकी भी करते हैं। इसमें भी ऐसा ही है कई ऐसी एनर्जी ड्रिंक हैं, जो आपको कड़ी टक्कर दे सकती हैं। हालांकि, अगर आपको प्रोडक्ट अच्छा है, तो वो नंबर वन होगा। "

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story

Tags