अफवाहों पर अमिताभ बच्चन ने खुद लगाई रोक, कहा-'मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा'
मुंबई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। सेलेब्स की एक-एक बात और मूवमेंट पर फैंस की पैनी नजर रहती है, कभी-कभी तो उनके द्वारा कही गई छोटी सी बात को समझे बिना ही बात का बतंगड़ बना दिया जाता है। इसी बीच, मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने रिटायरमेंट की उड़ रही अफवाहों के बीच साफ किया कि रिटारमेंट लेने का उनका कोई प्लान नहीं है।
दरअसल, मेगास्टार के हालिया ब्लॉग पोस्ट के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वे अपने काम से दूरी बनाने पर विचार कर रहे हैं, जिस पर साफाई देते हुए मेगास्टार ने फिर से ब्लॉग पोस्ट किया और अपनी पहले की बात को स्पष्ट किया।
उन्होंने लिखा, "नहीं हुजूर, मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं, अंग्रेजी में इसका मतलब है कि मैं अब सोने जा रहा हूं और आपको वहां आने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है।" दरअसल, दिग्गज अभिनेता के पिछले ब्लॉग को कुछ लोगों ने इस तरह से लिया था कि वे रिटायरमेंट पर विचार कर सकते हैं।
उस खास पोस्ट में, अमिताभ बच्चन ने लिखा था कि कैसे उनकी कुछ ब्लॉग एंट्री को अक्सर गलत समझा जाता है और जिस तरह से उनके शब्दों का मतलब निकाला जाता है और रिपोर्ट किया जाता है, उस पर मजाक उड़ाया जाता है। उन्होंने पोस्ट को 'और मैं रिटायर हो गया' शब्दों के साथ खत्म किया, जिससे बाद में यह अंदाजा लगने लगा कि क्या वह अपने करियर की बात कर रहे थे।
अपनी लेटेस्ट पोस्ट में उन्होंने साफ किया कि रिटायर का इस्तेमाल सोने के लिए किया जा रहा था, न कि एक्टिंग या अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स से दूर जाने के लिए।
बता दें कि अमिताभ बच्चन अभी 'कौन बनेगा करोड़पति का 18वां सीजन' होस्ट कर रहे हैं, जिससे वह दो दशक से ज्यादा समय से जुड़े हुए हैं। यह शो पहली बार वर्ष 2000 में शुरू हुआ था, जिसमें अमिताभ बच्चन ने होस्ट का रोल निभाया था और इस क्विज शो को इंडियन टेलीविजन की सबसे आइकॉनिक फ्रेंचाइजी में से एक बना दिया था।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

