सत्य निकेतन PG हादसे के बाद दिल्ली सरकार सख्त, अवैध हॉस्टलों पर होगी कार्रवाई; फुटेज में देंखे MCD ने शुरू की तोड़फोड़
दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक PG बिल्डिंग हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने अवैध निर्माण और नियमों की अनदेखी करने वाले हॉस्टलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (MCD) को राजधानी में चल रहे अवैध PG और हॉस्टलों की जांच के निर्देश दिए हैं। सरकार ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों पर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद MCD ने कार्रवाई तेज कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान के दौरान वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि कार्रवाई की निगरानी की जा सके। सत्य निकेतन में PG बिल्डिंग गिरने के बाद प्रशासन ने आसपास की इमारतों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद आसपास की इमारतों पर कार्रवाई
दिल्ली नगर निगम ने सत्य निकेतन में हादसे वाली PG बिल्डिंग के आसपास मौजूद इमारतों को गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन इमारतों में भी गर्ल्स PG संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद यहां रहने वाली छात्राओं और लड़कियों को PG खाली कर दूसरी जगह शिफ्ट होना पड़ा है।MCD की ओर से मंगलवार तक 24 संपत्तियों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा चुकी थी, जबकि 7 अवैध ढांचों को सील किया गया था। निगम अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जिन इमारतों में अवैध निर्माण या सुरक्षा मानकों की कमी पाई जाएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
6 सितंबर को हुआ था दर्दनाक हादसा
सत्य निकेतन में 6 सितंबर को पांच मंजिला PG बिल्डिंग अचानक गिर गई थी। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे।हादसे की जांच में सामने आया कि बिल्डिंग में नियमों की अनदेखी कर PG संचालित किया जा रहा था। इसके बाद दिल्ली सरकार और MCD ने राजधानी में चल रहे अन्य PG हॉस्टलों की सुरक्षा जांच का फैसला किया है।
PG संचालक गिरफ्तार, पार्टनर फरार
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने बुधवार तक कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने PG संचालक सुधांशु को गिरफ्तार किया है। सुधांशु बिल्डिंग में 'हॉस्टल डेज' नाम से PG चला रहा था।पुलिस के मुताबिक, सुधांशु और उसका पार्टनर शुभम त्यागी ने अगस्त 2025 में यह बिल्डिंग लीज पर ली थी। हादसे के बाद शुभम त्यागी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
अवैध PG पर शिकंजे की तैयारी
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में अवैध रूप से संचालित PG और हॉस्टलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सरकार अब ऐसे सभी संस्थानों की जांच कराने की तैयारी में है, जहां बिना अनुमति निर्माण या नियमों के खिलाफ गतिविधियां संचालित हो रही हैं।प्रशासन का कहना है कि छात्रों और किराएदारों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में राजधानी के कई इलाकों में अवैध PG और हॉस्टलों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा सकता है।

