SIR के बाद अब 16 राज्यों में शुरू होगा वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण, 5.86 करोड़ नाम हुए कम; वीडियो में देंखे छूटे मतदाताओं को दोबारा नाम जुड़वाने का मिलेगा मौका
देश में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू होने जा रही है। चुनाव आयोग गुरुवार से 13 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) की प्रक्रिया शुरू कर रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम पांच दिन बाद शुरू होगा। इस प्रक्रिया के दौरान उन मतदाताओं को अपना नाम दोबारा जुड़वाने का मौका मिलेगा, जिनका नाम स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान वोटर लिस्ट से हट गया था।
दरअसल, एसआईआर की प्रक्रिया के बाद इन 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाताओं की संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पुनरीक्षण से पहले इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 64.57 करोड़ मतदाता रजिस्टर्ड थे। वहीं, अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद यह संख्या घटकर 58.71 करोड़ रह गई। इस तरह कुल 5.86 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से कम हुए हैं।
5.86 करोड़ नाम हटने के बाद अब होगी दोबारा जांच
एसआईआर के बाद मतदाता सूची में बड़ी संख्या में नाम कम होने के चलते अब स्पेशल समरी रिवीजन की प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस दौरान यह देखना अहम होगा कि हटाए गए मतदाताओं में से कितने लोग दोबारा अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने के लिए आवेदन करते हैं।
अगर बड़ी संख्या में हटाए गए नाम फिर से मतदाता सूची में शामिल होते हैं तो एसआईआर के दौरान किए गए सत्यापन की प्रक्रिया पर सवाल उठ सकते हैं। वहीं, अगर बहुत कम नाम वापस जुड़ते हैं तो यह जांचना जरूरी होगा कि कहीं पात्र मतदाताओं के नाम भी गलती से तो नहीं हटाए गए।
ऐसे में पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं के दावों और आपत्तियों का निपटारा महत्वपूर्ण रहेगा। जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
क्या होता है स्पेशल समरी रिवीजन (SSR)?
स्पेशल समरी रिवीजन यानी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया है। इसके तहत मौजूदा वोटर लिस्ट को आधार बनाकर उसमें जरूरी बदलाव किए जाते हैं। इसमें नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में मौजूद गलतियों को ठीक किया जाता है।
यदि किसी मतदाता का नाम गलत दर्ज है या पता बदल गया है तो वह भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसमें सुधार करवा सकता है। इसी तरह पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने का अवसर मिलता है।
SIR और SSR में क्या है अंतर?
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) दोनों का उद्देश्य मतदाता सूची को दुरुस्त करना है, लेकिन इनकी प्रक्रिया अलग-अलग होती है।
SIR के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के माध्यम से मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाता है। इसमें मतदाताओं की पात्रता और उनके विवरण की जांच की जाती है। इसके आधार पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पूरी होती है।
वहीं, SSR में पहले से मौजूद मतदाता सूची को आधार बनाया जाता है। इसमें नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, गलतियों में सुधार करने और जरूरी बदलाव करने पर ध्यान दिया जाता है।
अब 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ उत्तर प्रदेश में भी पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए 5.86 करोड़ नामों में से कितने दोबारा शामिल हो पाते हैं।

