15 साल बाद शाहरुख-करीना की जोड़ी ने मचाया धमाल, वीडियो में देंखे फिल्म ‘किंग’ का गाना ‘डैडी कूल’ रिलीज
शाहरुख खान की अपकमिंग एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ का दूसरा गाना ‘डैडी कूल’ रिलीज हो गया है। इस डांस नंबर में शाहरुख खान और करीना कपूर खान करीब 15 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ नजर आ रहे हैं। बोनी एम के लोकप्रिय गाने से प्रेरित इस सॉन्ग में दोनों कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। गाने के रिलीज होते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।इससे पहले 2 नवंबर को फिल्म का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज किया गया था। इसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण साथ नजर आए थे। अब दूसरे गाने में करीना कपूर की एंट्री ने फिल्म को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
‘रा वन’ के बाद फिर साथ दिखे शाहरुख-करीना
शाहरुख खान और करीना कपूर खान इससे पहले कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। दोनों की जोड़ी सबसे पहले 2001 में रिलीज हुई फिल्मों ‘अशोका’ और ‘कभी खुशी कभी गम’ में नजर आई थी। इसके बाद दोनों 2011 में रिलीज हुई फिल्म ‘रा वन’ में साथ दिखाई दिए थे।‘रा वन’ का गाना ‘छम्मक छल्लो’ काफी लोकप्रिय हुआ था। अब करीब 15 साल बाद दोनों कलाकार ‘किंग’ के गाने ‘डैडी कूल’ में साथ नजर आ रहे हैं। करीना ने 2 नवंबर को शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन के मौके पर फिल्म में अपनी मौजूदगी की पुष्टि की थी। उन्होंने डांस सीक्वेंस की एक झलक भी साझा की थी।
24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को गौरी खान के रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और सिद्धार्थ आनंद व ममता आनंद के मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है।फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी और राघव जुयाल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं करीना कपूर खान, रानी मुखर्जी और दीपिका पादुकोण स्पेशल अपीयरेंस में दिखाई देंगी।
1994 की फ्रेंच फिल्म से प्रेरित बताई जा रही कहानी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘किंग’ की कहानी 1994 में रिलीज हुई फ्रेंच फिल्म ‘लियोन: द प्रोफेशनल’ से प्रेरित बताई जा रही है। हालांकि, फिल्म की कहानी को लेकर मेकर्स की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।फिल्म में एक्शन और थ्रिलर के साथ बड़े सितारों की मौजूदगी इसे खास बना रही है। पहले गाने में दीपिका पादुकोण और अब दूसरे गाने में करीना कपूर खान के साथ शाहरुख की झलक ने फिल्म के म्यूजिक और स्टारकास्ट दोनों को चर्चा में ला दिया है। अब दर्शकों को 24 दिसंबर को फिल्म की रिलीज का इंतजार है।

