अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हवाई हमलों को पूर्व राष्ट्रपति करजई ने बताया 'संप्रभुता का उल्लंघन'
नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने सोमवार तड़के बेगुनाह अफगानियों पर बरसाए बम की निंदा की है। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान को नसीहत दी कि पड़ोसी मुल्क को लेकर वो अपनी नीतियों पर गौर करे और सभ्य तरीके से संवाद स्थापित करे।
करजई के एक्स अकाउंट से जारी किए गए पोस्ट में लिखा गया, "कुनार और पक्तिका पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की पूर्व राष्ट्रपति कड़ी निंदा करते हैं, जिसके परिणामस्वरूप कई देशवासी मारे गए और घायल हो गए। इसे वो अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन मानते हैं।"
उन्होंने इस हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इसके साथ ही पूर्व राष्ट्रपति की ओर से पाकिस्तान को नसीहत भी दी गई। आगे लिखा गया, "पाकिस्तान की मौजूदा सुरक्षा समस्याओं के लिए अफगानिस्तान को कसूरवार मानना आपकी खुद की गलत नीतियों का परिणाम है। पूर्व राष्ट्रपति को उम्मीद है कि आप अपनी नीतियों की समीक्षा करेंगे और अफगानिस्तान के साथ अच्छे पड़ोसी, सकारात्मक संबंधों और सभ्य बातचीत का रास्ता चुनेंगे।"
पाकिस्तान की वायुसेना ने सोमवार तड़के अफगानिस्तान के पूर्वोत्तर प्रांत कुनार और पक्तिका पर बम बरसाए। इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई।
इससे पहले तालिबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने हवाई हमलों की निंदा की। उन्होंने इन हमलों का "उचित जवाब" देने की चेतावनी भी दी।
मुजाहिद ने कहा कि सोमवार को पाकिस्तान ने अफगान इलाके और आम नागरिकों को निशाना बनाकर हमले किए। उन्होंने दावा किया कि कुनार में पाकिस्तान की बमबारी में एक महिला और दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और दो पुरुष घायल हो गए। वहीं पक्तिका में स्थानीय दुकान और एक घर को निशाना बनाया गया। उन्होंने पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व पर आरोप लगाया कि वे अपने देश में सुरक्षा की नाकामियों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए अफगान इलाकों पर हमले कर रहे हैं।
--आईएएनएस
केआर/

