Samachar Nama
×

अफगानिस्तान में भूकंप के झटके, दस मिनट के भीतर दो बार कांपी धरती

अफगानिस्तान में भूकंप के झटके, दस मिनट के भीतर दो बार कांपी धरती
अफगानिस्तान में भूकंप के झटके, दस मिनट के भीतर दो बार कांपी धरती

काबुल, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में शुक्रवार दोपहर भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, कुछ ही देर में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए।

एनसीएस के अनुसार, भूकंप 13 नवंबर की दोपहर 3:37:37 बजे आया। इसकी गहराई 23 किलोमीटर थी। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में बताया गया है। वहीं, भूकंप का दूसरा झटका 3 बजकर 47 मिनट पर महसूस किया गया। इसकी गहराई 93 किमी बताई गई, इसका भी केंद्र अफगानिस्तान में ही था।

मतलब कुछ ही मिनट के भीतर अफगानिस्तान की धरती दो बार कांपी। फिलहाल इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।

अफगानिस्तान में भूकंप आना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले 19 अगस्त को पूर्वी नंगरहार प्रांत में आए भूकंप में कम से कम 15 लोग घायल हो गए थे। स्थानीय मीडिया के अनुसार, घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जिन्हें नंगरहार रीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उस समय आए भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई थी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, इसका केंद्र जुर्म जिले से करीब 35 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में करीब 195.9 किलोमीटर की गहराई पर था।

वहीं, 27 जून को 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके तेज झटके दिल्ली, जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में महसूस किए गए थे। एनसीएस के अनुसार, यह भूकंप शाम 7:04 बजे आया था और इसका केंद्र अफगानिस्तान में था।

इससे पहले अप्रैल में उत्तरी अफगानिस्तान में आए 5.9 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई थी। काबुल प्रांत में एक मकान गिरने से 8 लोगों की मौत हुई थी और एक बच्चा घायल हुआ था।

पहाड़ी इलाकों और कमजोर बुनियादी ढांचे के कारण अफगानिस्तान में अक्सर घातक भूकंप आते हैं, जिनमें भारी जान-माल का नुकसान होता है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags