Samachar Nama
×

एफसी अंडर-20 एशियन कप क्वालीफायर: सोमवार से भारतीय अभियान की शुरुआत, पहले मुकाबले में मजबूत सीरिया से सामना

एफसी अंडर-20 एशियन कप क्वालीफायर: सोमवार से भारतीय अभियान की शुरुआत, पहले मुकाबले में मजबूत सीरिया से सामना
एफसी अंडर-20 एशियन कप क्वालीफायर: सोमवार से भारतीय अभियान की शुरुआत, पहले मुकाबले में मजबूत सीरिया से सामना

ताशकंद (उज्बेकिस्तान), 30 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की अंडर-20 पुरुष टीम सोमवार को सीरिया के खिलाफ एफसी अंडर-20 एशियन कप क्वालीफायर कैंपेन की शुरुआत करेगी। यह मुकाबला ताशकंद के दोस्तलिक स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत मेजबान उज्बेकिस्तान और बांग्लादेश के साथ 'ग्रुप-बी' में शामिल है। भारत साल 2006 के बाद पहली बार एफसी अंडर-20 एशियन कप में वापसी के लक्ष्य के साथ क्वालीफायर में उतर रहा है। 'ब्लू कोल्ट्स' ने 1974 में ईरान के साथ संयुक्त रूप से खिताब जीता था, लेकिन पिछले दो दशकों में वे टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए हैं।

सीरिया एक ऐसी टीम है जिसका सामना 'ब्लू कोल्ट्स' ने इस स्तर पर प्रतिस्पर्धी फुटबॉल में केवल 2 बार किया है। दोनों मुकाबले एफसी यूथ चैंपियनशिप (अंडर-19) में हुए थे। साल 1996 में भारत को 1-0 और साल 2004 में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

नीदरलैंड के अर्नो बुइटेनवेग की कोचिंग वाली सीरिया की टीम के साथ पहला मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण होगा। भारत जानता है कि उज्बेकिस्तान और बांग्लादेश वाली इस ग्रुप में गलती की गुंजाइश बहुत कम होगी।

सीरिया इस स्तर पर मजबूत इतिहास के साथ क्वालिफायर में उतरी है, जिसने 1994 में एफसी अंडर-19 चैंपियनशिप जीती थी। वे हाल के टूर्नामेंटों में भी नियमित रूप से हिस्सा लेते रहे हैं और पिछले दो एफसी अंडर-20 एशियन कप के लिए क्वालीफाई किया है।

चूंकि, सभी 8 ग्रुप में सिर्फ ग्रुप विजेता और सात सर्वश्रेष्ठ रनर-अप ही एशियन कप के लिए क्वालीफाई कर पाएंगे, इसलिए सीरिया के खिलाफ शुरुआती मैच हेड कोच महेश गवली और उनकी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण पहला कदम है।

पिछले संस्करण में भारत क्वालीफिकेशन के बहुत करीब पहुंचा था। साल 2025 के क्वालीफायर में, 'ब्लू कोल्ट्स' गोल अंतर के कारण सर्वश्रेष्ठ रनर-अप के तौर पर जगह बनाने से चूक गए थे। मौजूदा टीम में उस बैच का एकमात्र खिलाड़ी 2007 में जन्मे डिफेंडर मालेमंगम्बा सिंह थोकचोम हैं।

टीम को इस कैंपेन के लिए तैयारी का लंबा समय मिला है। जून में ट्रायल शुरू हुए और उसके बाद लगातार कैंप चला, जिससे कोचिंग स्टाफ को खिलाड़ियों का आकलन करने और टीम की रणनीतिक योजना पर काम करने के लिए काफी समय मिला। अगस्त में, भारत ने चार अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच भी खेले — दो-दो मैच सिंगापुर और यमन के खिलाफ। उन्होंने सिंगापुर को दो बार (3-0 और 1-0) हराया। यमन के साथ मैच 0-0 से ड्रॉ खेला और वेस्ट एशियन टीम के विरुद्ध दूसरे मैच में 1-0 से जीत हासिल की।

भारत 27 अगस्त को ताशकंद पहुंचा, जिससे टीम को पहले मैच से पहले वहां के माहौल में ढलने के लिए कई दिन मिल गए। 'ब्लू कोल्ट्स' ने अब तक 28 और 29 अगस्त को दो ट्रेनिंग सेशन किए हैं। टीम पहले मैच से पूर्व रविवार शाम को अपना आखिरी सेशन करेगी।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags