Samachar Nama
×

'आदि शंकराचार्य' मेरे लिए जीवन बदलने वाला प्रोजेक्ट रहा: शिल्पा शिरोडकर

'आदि शंकराचार्य' मेरे लिए जीवन बदलने वाला प्रोजेक्ट रहा: शिल्पा शिरोडकर
'आदि शंकराचार्य' मेरे लिए जीवन बदलने वाला प्रोजेक्ट रहा: शिल्पा शिरोडकर

मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर जल्द ही वेब सीरीज 'आदि शंकराचार्य' में आरम्भा की भूमिका निभाती नजर आएंगी। उनका कहना है कि इस प्रोजेक्ट ने उनके जीवन और सोच में गहरा बदलाव लाया है।

शिल्पा ने बताया कि इस सीरीज पर काम करने के बाद वह पहले से ज्यादा शांत हो गई हैं और अब जीवन की परिस्थितियों को अलग नजरिए से देखती हैं।

उन्होंने कहा, "मुझे पहले से ही पता था कि यह प्रोजेक्ट मेरे जीवन में बदलाव लाएगा। मेरी आध्यात्मिक मार्गदर्शक सिंदम्मा ने कहा था कि अगर मैं यह प्रोजेक्ट करूं तो यह मेरे लिए जीवन बदलने वाला अनुभव साबित होगा। अब मैं अपने जीवन में होने वाली घटनाओं और परिस्थितियों को पहले से बिल्कुल अलग तरीके से देखती हूं।"

जब उनसे पूछा गया कि इस शो का प्रस्ताव मिलने पर उनकी पहली प्रतिक्रिया क्या थी तो उन्होंने कहा, "मेरी प्रतिक्रिया बस इतनी थी कि मैं यह शो करना चाहती हूं। सौभाग्य से भगवान ने मेरी प्रार्थना सुन ली। मैं 'आदि शंकराचार्य' में आरम्भा की भूमिका निभा रही हूं, जो आदि शंकराचार्य की मां हैं। इस खूबसूरत प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है।"

अपने लंबे करियर से मिली सीख के बारे में शिल्पा ने कहा कि उन्होंने हमेशा सीखने को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा, "मेरी सबसे बड़ी सीख यही है कि मैं हर दिन कुछ नया सीखने के लिए तैयार रहती हूं। 30 साल पहले भी मैं सीखने के लिए तैयार थी और आज भी हूं। समय बदल रहा है, लोग बदल रहे हैं और सिनेमा बनाने का तरीका भी बदल रहा है। अगर आप इस बदलाव का हिस्सा नहीं बनते तो आपको घर बैठना पड़ता है।"

भविष्य में निभाए जाने वाले किरदारों के बारे में उन्होंने कहा कि वह अच्छे और दमदार किरदारों वाली फिल्मों और प्रोजेक्ट्स की तलाश में हैं। उन्होंने कहा, "आज के समय में हर कलाकार के लिए अवसर मौजूद हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आगे भी अच्छे किरदार जरूर मिलेंगे।"

डॉ. बी.के. मोदी द्वारा निर्मित वेब सीरीज 'आदि शंकराचार्य' में शिल्पा शिरोडकर आदि शंकराचार्य की मां आरम्भा का किरदार निभा रही हैं। यह शिल्पा शिरोडकर का वेब सीरीज की दुनिया में पहला प्रोजेक्ट भी है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags