Samachar Nama
×

'अच्छा या बुरा तय करके किरदार नहीं निभा सकते', बिरजू लोहार पर बोले मोहित मलिक

'अच्छा या बुरा तय करके किरदार नहीं निभा सकते', बिरजू लोहार पर बोले मोहित मलिक
'अच्छा या बुरा तय करके किरदार नहीं निभा सकते', बिरजू लोहार पर बोले मोहित मलिक

मुंबई, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता मोहित मलिक ने क्राइम थ्रिलर फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' में 'बिरजू लोहार' का एक दमदार और खतरनाक किरदार निभाया है। अभिनेता का मानना है कि एक एक्टर के तौर पर किसी भी किरदार को अच्छा या बुरा मानकर नहीं निभाया जा सकता है।

मोहित मलिक ने बिरजू के बारे में बात करते हुए कहा, "बिरजू एक ऐसा किरदार है, जिसमें बहुत सारी कमियाँ हैं और वह कई बार गलत फैसले ले लेता है। यही बात उसे निभाने में दिलचस्प बनाती है। एक एक्टर के तौर पर हम किसी किरदार को सिर्फ यह तय करके नहीं निभा सकते कि वह अच्छा है या बुरा। हमें उसकी सोच, हालात और किस वजह से उसे इस तरह के फैसले लेने पड़ते हैं, यह समझना पड़ता है। भले ही हम किरदार के कामों से सहमत न हों, लेकिन एक एक्टर के तौर पर हमें उस किरदार के पीछे की वजह ढूँढनी पड़ती है और उसे भरोसेमंद बनाना पड़ता है।"

मोहित ने बताया कि बिरजू का किरदार निभाने में असली चुनौती क्या थी। मोहित ने कहा, "इस किरदार को निभाने की चुनौती यह थी कि इस किरदार को बिना जज किए ईमानदारी से निभाया जाए। मेरा मानना है कि दर्शक उन किरदारों से ज्यादा जुड़ते हैं, जो आम इंसान जैसे लगते हैं, अपनी कमियों, उलझनों और जटिलताओं के साथ। बिरजू के साथ मैं उसके कामों के पीछे छिपे इंसान को समझना चाहता था और उस सच्चाई को पर्दे पर लाना चाहता था।"

फिल्म में मोहित ने 'बिरजू लोहार' की भूमिका निभाई है, जो जैसलमेर के ड्रग लॉर्ड बब्बन यादव का वफादार है। उसके दिल में कालीन भैया के खिलाफ बरसों पुरानी दुश्मनी और 'बीना भाभी' (रसिका दुगल) के लिए गहरा प्यार छिपा है।

फिल्म में बीना त्रिपाठी और बिरजू के बीच का जटिल संबंध कहानी का एक बड़ा टर्निंग पॉइंट बनकर उभरा है। 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया), अली फजल (गुड्डू पंडित) और दिव्येंदु (मुन्ना भैया) जैसे कलाकारों के बीच मोहित मलिक अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचने में पूरी तरह सफल रहे हैं।

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story