वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की साजिश का आरोप, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध गिरफ्तार; AK-47 और कारतूस बरामद
गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मोहम्मद सहारुल इस्लाम के रूप में हुई है। वह असम का रहने वाला बताया जा रहा है। ATS के मुताबिक, आरोपी वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की तैयारी कर रहा था।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन से एयरफोर्स स्टेशन की तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। इसके अलावा फोन में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी सामग्री भी बरामद हुई है। उसके पास से एक AK-47 राइफल और 20 से ज्यादा जिंदा कारतूस मिलने की बात कही गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
बस और ट्रेन से गुजरात पहुंचा था आरोपी
ATS की शुरुआती जांच के मुताबिक, मोहम्मद सहारुल इस्लाम असम से बस और ट्रेन के जरिए गुजरात पहुंचा था। वह वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास ठहरा हुआ था। जांच एजेंसी को शक है कि वह सार्वजनिक स्थानों पर आतंकी हमला करने की फिराक में था।
ATS पिछले करीब 6 महीने से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसके संपर्कों, संभावित नेटवर्क और हमले की कथित योजना की जांच की जा रही है।
3 जुलाई: गुजरात और मध्य प्रदेश से JeM के 8 संदिग्ध गिरफ्तार
गुजरात ATS ने 3 जुलाई को जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुजरात और मध्य प्रदेश से 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें दो आरोपियों की उम्र 18 और 19 साल बताई गई थी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, ये लोग गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद ATS ने पांच अलग-अलग टीमें बनाकर अभियान चलाया था।
कार्रवाई के दौरान गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, नवसारी और पाटण के साथ मध्य प्रदेश के देवास से गिरफ्तारियां की गई थीं। जांच में सामने आया था कि सभी आरोपी गुजरात के रहने वाले थे और कथित तौर पर एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे।
15 जुलाई: पाटण से 5 संदिग्ध गिरफ्तार
गुजरात ATS ने 15 जुलाई को जैश-ए-मोहम्मद के कथित आतंकी मॉड्यूल से जुड़े पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। सभी को पाटण जिले के सिद्धपुर तालुका के खाडियाल गांव से पकड़ा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कादीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खाली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन कार्डिया के रूप में हुई थी।
2000 में मसूद अजहर ने बनाया था जैश-ए-मोहम्मद
जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन है। इसे मसूद अजहर ने साल 2000 में बनाया था। भारत समेत कई देशों में हुए आतंकी हमलों में इस संगठन का नाम सामने आता रहा है।
इस संगठन का मुख्यालय पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में बताया जाता है। इसके नेटवर्क पर पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में प्रशिक्षण शिविर और आतंकी गतिविधियां संचालित करने के आरोप हैं।
मसूद अजहर को 1994 में जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, दिसंबर 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 के अपहरण के बाद बंधकों की रिहाई के बदले भारत सरकार ने उसे छोड़ दिया था। इसके बाद उसने जैश-ए-मोहम्मद संगठन बनाया।
वडोदरा में हुई ताजा गिरफ्तारी के बाद ATS आरोपी के मोबाइल से मिले डिजिटल सबूतों, हथियारों और उसके कथित संपर्कों की जांच कर रही है।

