अभिषेक बनर्जी मामले में गिरफ्तार लोग टीएमसी से ही जुड़े, पूर्व विधायक का नाम भी शामिल: अजय आलोक
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए ने कहा, “पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच चल रही है, लेकिन इसमें टीएमसी से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। टीएमसी के एक पूर्व विधायक का नाम भी शामिल है।”
उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा, “40 दिन पहले चुनाव के दौरान भाजपा कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी का गला काट दिया गया था। आरोप है कि इस हत्या में टीएमसी कार्यकर्ता शामिल थे। राहुल गांधी को यह बात याद नहीं है, लेकिन टीएमसी को याद है।”
यूसीसी पर भाजपा का स्टैंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लागू किए जाने के सवाल पर अजय आलोक ने कहा कि इसे चरणबद्ध तरीके से सभी राज्यों में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे देश की जरूरत बताते हुए कहा, “हम इसी के अनुरूप यूसीसी को लागू कर रहे हैं और लोग धीरे-धीरे इसे अपना रहे हैं, जो एक सकारात्मक बात है।”
पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने इसे ‘स्वर्णिम काल’ बताया। उन्होंने कहा, “यह 12 साल प्रधानमंत्री के रूप में और 11 साल मुख्यमंत्री के रूप में कुल 25 वर्षों का समर्पित कार्यकाल है, जो पूर्ण रूप से राष्ट्र सेवा में समर्पित रहा है।”
पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने के सवाल पर हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा, "2014 में, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार चुने गए थे, तब से पूरे भारत में विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह विकास हर क्षेत्र में दिखाई देता है, चाहे वह स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की बात हो या देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की। अगर हम टेलीफ़ोन, टेलीविजन या रक्षा उपकरणों की बात करें तो देश सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बन रहा है।"
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा, "कांग्रेस के सालों के शासन के बावजूद महिलाओं को घर में शौचालय और रसोई में साफ पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलीं। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन बुनियादी जरूरतों को पूरा किया गया है, जिसमें शौचालय, साफ पानी और महिलाओं के नाम पर प्रॉपर्टी का रजिस्ट्रेशन शामिल है। उन्होंने 4 करोड़ महिलाओं को घर भी दिए हैं, खाना पकाने के लिए साफ़ ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की है, और 80 करोड़ लोगों को 5 किलो मुफ़्त अनाज दे रहे हैं।"
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

