Samachar Nama
×

दीपावली को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भड़के एनडीए नेता बोले-'अब ये नहीं चलने वाला'

दीपावली को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भड़के एनडीए नेता बोले-'अब ये नहीं चलने वाला'
दीपावली को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भड़के एनडीए नेता बोले-'अब ये नहीं चलने वाला'

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह समेत कई नेताओं ने उन पर जमकर निशाना साधा है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आईएएनएस से कहा, "मल्लिकार्जुन खड़गे वही बोलते हैं जो राहुल गांधी के मन में चलता है। कांग्रेस ने देश को बांटा और मुस्लिमों को पाकिस्तान दिया। अब मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति की जा रही है। दीपावली के दिन भी बधाइयां देने के लिए खड़गे की जुबान नहीं खुली। उनको ईद की सेवईं याद आ गई। सत्ता में रहने के दौरान कांग्रेस ने कहा था कि भारत के संसाधन पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। अब ये नहीं चलने वाला है।"

भाजपा विधायक राम कदम ने कहा, "कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं में इतनी निराशा है कि उन्होंने दीपावली जैसे त्योहार को भी तुष्टीकरण की राजनीति से जोड़ दिया। सनातन धर्म से उनको इतनी चिढ़ क्यों हैं? क्या त्योहार को तुष्टीकरण की राजनीति का मुद्दा बनाया जा सकता है? उन लोगों ने दीपावली को भी नहीं छोड़ा। चुनाव के वक्त यही लोग मंदिरों में जाकर जनेऊ पहनने का नाटक करते हैं और दीपावली की शुभकामनाएं देने के बजाय तुष्टीकरण को मुद्दा कैसे बनाया जा सकता है, यही हमारा सवाल है?"

शिवसेना नेता आनंद दुबे ने कहा, "किसी को ईद में भी दीपावली दिखती है और किसी को दीपावली में ईद दिखती है। बार-बार इफ्तार की पार्टी करने से उनके (मल्लिकार्जुन खड़गे) मन में वही घुस गया है। हमारा कहना है कि प्रभु श्रीराम सभी को आशीर्वाद दें। दीपावली सनातन धर्म का सबसे बड़ा त्योहार है। प्रभु श्रीराम के वन से वापस लौटने पर अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। उस समय अंधकार को प्रकाश से खत्म किया गया। अगर मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे इतने वरिष्ठ नेता को ज्ञान नहीं है कि दीपावली और ईद अलग-अलग हैं, तो क्या कहा जा सकता है? दीपावली हिंदुओं के लिए साल का सबसे बड़ा त्योहार है।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story