अब क्या करने पश्चिम बंगाल जा रहे राहुल गांधी : संजय निरुपम
मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पश्चिम बंगाल दौरे पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि राहुल गांधी पश्चिम बंगाल जा रहे हैं। लेकिन, मेरा सीधा-सा सवाल है कि जब राज्य में चुनावी बिगुल बजा है, तब ही उन्हें क्यों पश्चिम बंगाल की याद आई? आखिर वो पिछले पांच सालों से कहां थे?
उन्होंने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछले 40 सालों से कांग्रेस सत्ता से बाहर है। कांग्रेस की स्थिति पश्चिम बंगाल में शून्य हो चुकी है। राज्य में कोई भी कांग्रेस को पूछने वाला नहीं है। वहीं, अब जब चुनावी बिगुल बज चुका है, तो यह अफसोस की बात है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पश्चिम बंगाल की याद आ रही है।
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि सिर्फ चुनाव के समय जाने से राहुल गांधी को राज्य में किसी भी प्रकार का फायदा होने वाला नहीं है। मेरा सीधा-सा सवाल है कि अब तक इन पांच सालों में कांग्रेस के कितने नेताओं ने पश्चिम बंगाल जाकर वहां पर जनता से संवाद स्थापित करने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि जनता से संवाद के अभाव में कांग्रेस को हर चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ता है। इसके बाद कांग्रेस पार्टी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ देती है, जो कि पूरी तरह से गलत है।
इसके अलावा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों की मांग को मानते हुए उनके न्यूनतम मजदूरी में इजाफा करने का फैसला किया है, जिसका संजय निरुपम ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह एक अच्छा कदम उठाया है, जिसका हम स्वागत करते हैं। श्रमिक हमारे अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लिहाजा उनके हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
साथ ही, उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी कार्यकर्ताओं की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि ये देखने को मिल रहा है कि सीएम ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता लंबे समय से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आलोचना कर रहे हैं। ऐसे लोगों को यह समझना होगा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया को सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में संपन्न किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में यह ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए यह जरूरी हो जाता है कि वो सुप्रीम कोर्ट पर विश्वास रखें।
उन्होंने कहा कि अब टीएमसी और उसके कार्यकर्ताओं के लिए यह जरूरी है कि वो एसआईआर के मुद्दे का जिक्र आम लोगों के बीच में नहीं करें, क्योंकि इसे सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में संपन्न किया जा रहा है।
वहीं, महाराष्ट्र के नासिक स्थित टीसीएस कंपनी में धर्मांतरण के प्रकरण पर भी संजय निरूपम ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण घटना नहीं है, बल्कि बहुत ही गंभीर घटना है। हमारे मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने इसे पूरी गंभीरता से लिया है। इस मामले को संज्ञान में लेने के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने कार्रवाई की, जिसके बाद कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।
उन्होंने कहा कि मेरा इस पूरे मामले में टीसीएस कंपनी से यही सवाल रहेगा कि आप दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित कंपनी की सूची में शुमार हैं। आप पूरी दुनिया को सेवा देने में सबसे आगे रहती हैं। लेकिन, अफसोस की बात है कि आपकी नाक के नीचे इतना दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य किया जा रहा है। लेकिन, आपने कोई ध्यान नहीं दिया।
--आईएएनएस
एमएस/

