Samachar Nama
×

आजम खान की रिहाई पर भाजपा का सपा पर तंज, कहा-यूपी में फिर बनेगी भाजपा सरकार

आजम खान की रिहाई पर भाजपा का सपा पर तंज, कहा-यूपी में फिर बनेगी भाजपा सरकार
आजम खान की रिहाई पर भाजपा का सपा पर तंज, कहा-यूपी में फिर बनेगी भाजपा सरकार

पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और मंत्री रामकृपाल यादव ने दोनों नेताओं पर निशाना साधते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। संजय सरावगी ने आजम खान को संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान करने की नसीहत दी जबकि राहुल गांधी पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया। वहीं, रामकृपाल यादव ने आजम खान की रिहाई को लेकर समाजवादी पार्टी पर तंज कसा और उत्तर प्रदेश में भाजपा की दोबारा सरकार बनने का दावा किया।

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह कई बार विधायक, मंत्री और सांसद रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें समझना चाहिए कि भारत एक संवैधानिक और लोकतांत्रिक देश है। यहां सत्ता और व्यवस्था में बदलाव का रास्ता चुनाव और संविधान से होकर गुजरता है, न कि इंकलाब के नारों से।

उन्होंने कहा कि अदालत से राहत मिलना किसी भी व्यक्ति का कानूनी अधिकार है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए लेकिन चुनावी व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर करता है।

राहुल गांधी के बयानों पर निशाना साधते हुए सरावगी ने कहा कि वह क्या कहना चाहते हैं, यह तो वही समझ सकते हैं लेकिन देश की जनता उनकी बातों को समझ नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया के अलग-अलग देशों की राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों की तुलना भारत से नहीं की जा सकती। प्रत्येक देश की अपनी चुनौतियां और परिस्थितियां होती हैं। भारत की समस्याओं का समाधान यहां की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नीतियों के माध्यम से ही संभव है।

सरावगी ने आरोप लगाया कि भाजपा का विरोध करते-करते राहुल गांधी अब देश का अपमान करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी घटनाओं से तुलना करके भारत को संकटग्रस्त दिखाने की कोशिश करना उचित नहीं है।

वहीं, बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव ने आजम खान की रिहाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके आने-जाने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। आजम खान पहले भी राजनीति में सक्रिय थे लेकिन उनके रहने से क्या बदलाव आया? उन्होंने कहा कि आजम खान को अभी स्थायी जमानत नहीं मिली है और उन्हें अदालत की ओर से निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा। कानून उन्हें किसी तरह का उत्पात मचाने की छूट नहीं देता। ऐसे में समाजवादी पार्टी और उसके समर्थकों को उनकी रिहाई पर ज्यादा उत्साहित होने की जरूरत नहीं है।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन पर रामकृपाल यादव ने कहा कि यूपी में विपक्ष का नेतृत्व समाजवादी पार्टी कर रही है जबकि राहुल गांधी सीटों के लिए गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को गठबंधन का जूनियर पार्टनर बताते हुए कहा कि दोनों दल पहले भी भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा का समर्थन करेगी।

राहुल गांधी पर हमला जारी रखते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के बचे हुए जनाधार को भी खत्म कर देंगे। उनकी सोच हताशा से भरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश जाकर भारत के बारे में बेबुनियाद बयान देना देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाता है। विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी को अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।

रामकृपाल यादव ने राहुल गांधी को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से सीख लेने की सलाह देते हुए कहा कि विपक्ष की भूमिका निभाने का मतलब अपने ही देश की छवि खराब करना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यदि राहुल गांधी ने अपनी कार्यशैली और सोच में बदलाव नहीं किया तो आने वाले समय में कांग्रेस की स्थिति और खराब हो सकती है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story