आठ साल बाद कोटा से पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ सिख श्रद्धालुओं का जत्था, ओम बिरला के प्रयासों से मिला वीजा
कोटा, 21 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के कोटा में करीब आठ साल के लंबे इंतजार के बाद सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए रवाना हुआ। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से कोटा के 12 सिख श्रद्धालुओं को गुरु नानक जयंती के अवसर पर पाकिस्तान जाने का वीजा मिला है। वीजा मिलने के बाद श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। सभी श्रद्धालु शनिवार सुबह ट्रेन से स्वर्ण मंदिर मेल के जरिए अमृतसर के लिए रवाना हुए। वहां से वे आगे पाकिस्तान जाएंगे।
कोटा सिख वेलफेयर सोसायटी के प्रधान मनिंदर सिंह ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2019 में कोटा से सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान गया था। इसके बाद कोरोना महामारी और सोसायटी के तत्कालीन प्रधान जगजीत सिंह जग्गी के निधन के कारण पाकिस्तान जाने की प्रक्रिया प्रभावित हो गई। उनके निधन के बाद वीजा आवेदन और अन्य दस्तावेजी प्रक्रियाओं की जानकारी के अभाव में जत्था पाकिस्तान नहीं जा पा रहा था।
उन्होंने बताया कि सोसायटी के सदस्य हर साल श्रद्धालुओं को पाकिस्तान भेजने का प्रयास करते रहे, लेकिन दस्तावेजी औपचारिकताओं और अन्य अड़चनों के कारण सफलता नहीं मिल पाई। इस बार सोसायटी ने आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान जाने के इच्छुक श्रद्धालुओं की जानकारी और आवश्यक दस्तावेज जुटा लिए थे।
इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पूर्व में आ रही समस्याओं से अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर ओएसडी राजीव दत्ता ने संबंधित विभागों से संपर्क कर सभी 12 श्रद्धालुओं के नामों की आवश्यक मंजूरी दिलाने में सहयोग किया। इससे सभी श्रद्धालुओं के पासपोर्ट समय पर पाकिस्तान दूतावास पहुंच सके। शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे पाकिस्तान दूतावास ने कोटा के सभी 12 श्रद्धालुओं को वीजा जारी कर दिया।
वीजा मिलने के बाद श्रद्धालुओं ने खुशी जाहिर करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कोटा सिख वेलफेयर सोसायटी का आभार जताया। एक श्रद्धालु ने कहा कि इस सफलता में सिख समुदाय की लगातार मेहनत और लोकसभा अध्यक्ष के सहयोग की अहम भूमिका रही है। पिछले आठ वर्षों से वे पाकिस्तान जाने के लिए आवेदन कर रहे थे, लेकिन कभी कोरोना महामारी तो कभी कानूनी और दस्तावेजी अड़चनों के कारण उनका सपना पूरा नहीं हो पा रहा था।
श्रद्धालु ने कहा कि अब उन्हें गुरु नानक देव जी की जन्मस्थली ननकाना साहिब के दर्शन करने और वहां सेवा करने का अवसर मिलेगा। लंबे इंतजार के बाद मिली इस सफलता से सभी श्रद्धालु बेहद उत्साहित हैं।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

