राम मंदिर चंदे से जुड़े आरोपों पर संजय निषाद का अखिलेश पर निशाना, कहा- आरोपों में कोई दम नहीं
लखनऊ, 8 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से लगाए गए आरोपों पर निशाना साधा है।
आईएएनएस से बातचीत में संजय निषाद ने कहा कि विपक्ष के पास पोस्टरबाजी और बयानबाजी के अलावा कुछ नहीं है। किसी भी मामले को उठाने से पहले उसके तथ्यों को पकड़ना चाहिए। जांच की मांग की जानी चाहिए। अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तब बयान देना चाहिए। जांच की मांग किए बिना जांच एजेंसी की तरह बयान नहीं देना चाहिए।
संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में कोई भी मामला आता है तो उसकी जांच कराते हैं, इसके लिए उनको धन्यवाद दूंगा। जांच में जो दोषी पाया जाता है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो। जब तक जांच की रिपोर्ट न आए, अखिलेश यादव की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी की कोई विचारधारा नहीं है। विचारधारा न होने की वजह से ये लोग सत्ता से दूर हैं। समाजवादी विचारधारा का मतलब है कि समाजवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार करना है। कांग्रेस की अपनी एक विचारधारा है लेकिन भाजपा की विचारधारा भारतीय सभ्यता की विचारधारा है।
'इंडिया' गठबंधन की बैठक को लेकर संजय निषाद ने कहा कि जितनी भी पार्टियां बैठक में शामिल हो रही हैं, वे सभी कांग्रेस की नीतियों के विरोध में बनी हैं। बैठक में दल तो दिख रहा है लेकिन दिल कहां है? अंदर से सभी एक-दूसरे के दुश्मन हैं। इसीलिए चुनाव में अलग हो जाते हैं, सब अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि 10 जून को एनडीए की बैठक है। 25 वर्षों से एनडीए के गठबंधन का इतिहास है। प्रधानमंत्री का सबसे अधिक कार्यकाल पूरा होने पर हम सभी दिल्ली जा रहे हैं। हम सभी लोग अपनी समस्याओं के समाधान की बात रखते हैं; पीएम मोदी समस्याओं को दूर करने के लिए आश्वासन देते हैं। प्रधानमंत्री जो कहते हैं, वह धीरे-धीरे करते हैं।
संजय निषाद ने कहा कि पीएम मोदी ने राम मंदिर बनवाया, निषादराज किला बनवाया, अनुच्छेद 370 खत्म किया, सामान्य वालों के लिए आरक्षण की व्यवस्था की, महिलाओं को सशक्त बनाया। उसी तरह से जो बची जातियां हैं, उनको भी संविधान के अधिकार को देने की बात करेंगे।
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर संजय निषाद ने कहा कि सरकार को धन्यवाद देते हैं। जो भी अभ्यर्थी हैं, उनको आने-जाने में रोडवेज के किराए में भी छूट दी गई है। सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। युवाओं के साथ हमारी सरकार खड़ी है।
वाराणसी में शहर से मीट की दुकानों को शिफ्ट करने को लेकर संजय निषाद ने कहा कि यह सही फैसला है। मीट की दुकानें बंद नहीं की जा रही हैं; उनको व्यवस्थित किया जा रहा है। सरकार अपना काम कर रही है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

