'आपका दृढ़ संकल्प युवाओं को प्रेरित करता है,' गृह मंत्री अमित शाह ने बढ़ाया दिव्यांग क्रिकेट टीम का हौसला
नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को भारत की दिव्यांग पुरुष क्रिकेट टीम से मुलाकात की, जो 'इंडिया-इंग्लैंड मेंस मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी20 सीरीज 2026' में शानदार प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड से लौटी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आज नई दिल्ली में भारत की दिव्यांग पुरुष क्रिकेट टीम से मिलकर खुशी हुई। यह टीम 'इंडिया-इंग्लैंड मेंस मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी20 सीरीज 2026' खेलकर इंग्लैंड के दौरे से लौटी है। देश के लिए सम्मान जीतने की उनकी कोशिशें और दृढ़ संकल्प भारत के युवाओं को प्रेरित करते हैं। मैंने उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।"
दोनों देशों के बीच इस सीरीज में कुल 7 मैच खेले गए थे। सीरीज का पहला मैच इंग्लैंड ने 29 रन से अपने नाम किया। इसके बाद अगले मुकाबले को भारत ने 6 रन के करीबी अंतर से जीतकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली थी।
सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 8 रन से मात देकर सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन अगले मैच को इंग्लैंड ने 2 रन से अपने नाम करते हुए सीरीज बराबरी पर ला दी।
इंग्लैंड की टीम ने पांचवें मैच को 54 रन से अपने नाम किया, जिसके बाद अगले मैच को 18 रन से जीतकर सीरीज में 4-2 से अजेय बढ़त हासिल कर ली।
भले ही सातवें मुकाबले को जीतकर भारत सीरीज अपने नाम नहीं कर सकता था, लेकिन 19 अगस्त को लॉर्ड्स के मैदान पर भारत ने इंग्लिश टीम को 118 रनों से रौंदकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अर्जुन गवरे (68) और माजिद मगरे (63) की शानदार पारियों के दम पर 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 206 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 13.4 ओवरों में सिर्फ 88 रन पर ढेर हो गई। इस जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लॉर्ड्स की बालकनी में जाकर जर्सी लहराते हुए जश्न मनाया था।
--आईएएनएस
आरएसजी

