Samachar Nama
×

'हमें किसी से चुनौती नहीं, पूर्ण बहुमत के साथ आएगी मान सरकार', 'आप' नेताओं का दावा

'हमें किसी से चुनौती नहीं, पूर्ण बहुमत के साथ आएगी मान सरकार', 'आप' नेताओं का दावा
'हमें किसी से चुनौती नहीं, पूर्ण बहुमत के साथ आएगी मान सरकार', 'आप' नेताओं का दावा

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब सरकार में मंत्री लाल चंद कटारूचक ने प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बड़ा दावा करते हुए कहा कि पूर्ण बहुमत के साथ एक बार फिर भगवंत मान की सरकार बनेगी। सरकार द्वारा चलाई गई लाभकारी योजनाओं का लाभ सीधेतौर पर लोगों को मिला है।

हाल ही में भाजपा-शिअद के गठबंधन होने के बाद से अगली सरकार एनडीए की बनने जा रही है, ऐसे दावों पर मंत्री लाल चंद कटारूचक ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह लोग परिवार को बचाने के लिए साथ आए हैं। जनता इनके काले कारनामे जानती है। हमें किसी से कोई चुनौती नहीं है, हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। पंजाब की जनता भाजपा-शिअद को मौका नहीं देगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा-शिअद के लोग गठबंधन करने के बाद बड़े-बड़े दावे कर सकते हैं। राजनीतिक दलों को दावा करना होता है। हकीकत में उन लोगों की प्रदेश में जमीन खिसक चुकी है। पंजाब के लोग इनके गठबंधन को भूले नहीं हैं। इनके कार्यकाल में गुंडागर्दी चरम सीमा पर थी। अकाली-भाजपा की सरकारों ने लोगों को परेशान किया।

पंजाब में खुशहाल पंजाब रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज हमारा स्थापना दिवस है। एक बड़ी रैली हो रही है, सीधे तौर पर मानें तो यहां से 2027 के लिए चुनाव प्रचार शुरू कर दिया गया है। आने वाले समय में प्रदेश की जनता के लिए कुछ घोषणाएं भी होनी हैं।

उन्होंने संविधान दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के सभी देशवासियों को बधाई। यह खुशी की बात है कि हमारी पार्टी की नींव भी इसी दिन रखी गई थी। जब आम आदमी पार्टी बनी थी, तब लोगों को उम्मीद थी कि यह पार्टी राजनीतिक क्षेत्र में कुछ अलग करके दिखाएगी। पार्टी ने ऐसा करके दिखाया भी है। दिल्ली के बाद, पंजाब में सरदार भगवंत सिंह मान की सरकार ने जो काम किए हैं, उनकी चर्चा आज हर घर में हो रही है, न केवल पंजाब में, बल्कि पूरे देश में हो रही है। बिजली के क्षेत्र में पंजाब के लोगों को जो बड़े लाभ मिले हैं और पंजाब की धरती पर लागू की गई विभिन्न योजनाओं से यहां की आम जनता को बहुत फायदा हुआ है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story