Samachar Nama
×

'आंखों में तेरा ही चेहरा... से रातोंरात छा गई थीं ऋशिता भट्ट, अब लाइमलाइट से दूर

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड में कई ऐसे सितारे आए जिन्होंने कम समय में अपनी खास पहचान बनाई लेकिन फिर धीरे-धीरे लाइमलाइट से दूर हो गए। ऐसी ही एक अभिनेत्री हैं ऋशिता भट्ट। 10 मई 1981 को मुंबई में जन्मीं ऋशिता ने अपने मासूम चेहरे, शानदार अभिनय और खूबसूरती से लोगों का दिल जीत लिया था। म्यूजिक वीडियो 'आंखों में तेरा ही चेहरा' ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया था। उस दौर में यह गाना युवाओं की पहली पसंद बन गया था और हर किसी की जुबां पर रहता था। इस वीडियो में उनके साथ अभिनेता शाहिद कपूर नजर आए थे। दोनों की जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया।
'आंखों में तेरा ही चेहरा... से रातोंरात छा गई थीं ऋशिता भट्ट, अब लाइमलाइट से दूर

ऋशिता को बचपन से ही डांस और अभिनय का शौक था। उन्होंने कथक की ट्रेनिंग भी ली थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और जल्द ही कई बड़े विज्ञापनों का चेहरा बन गईं। लिरिल साबुन के विज्ञापन ने उन्हें घर-घर में पहचान दिला दी। उनकी मुस्कान और स्क्रीन प्रेजेंस लोगों को काफी पसंद आई।

इसके बाद ऋशिता ने बॉलीवुड का रुख किया। साल 2001 में उन्होंने फिल्म अशोका से डेब्यू किया। इस फिल्म में वह सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ नजर आई थीं। हालांकि फिल्म से उन्हें ज्यादा पहचान नहीं मिली, लेकिन साल 2003 में आई फिल्म हासिल ने उनकी किस्मत बदल दी। फिल्म में उनके साथ इरफान खान, जिमी शेरगिल और आशुतोष राणा मुख्य भूमिका में थे। ऋशिता ने अपनी सादगी और दमदार अभिनय से दर्शकों के दिल में खास जगह बना ली।

इसके बाद उन्होंने दिल विल प्यार व्यार, अब तक छप्पन, पेज 3, जिज्ञासा, शागिर्द, मिस टनकपुर हाजिर हो और कठपुतली जैसी कई फिल्मों में काम किया। भले ही वह बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल नहीं हो पाईं, लेकिन उन्होंने हर किरदार में अपनी अलग छाप छोड़ी।

ऋशिता उस वक्त भी काफी चर्चा में रहीं जब उनकी गुपचुप शादी की खबर सामने आई। उन्होंने 4 मार्च 2017 को अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड से शादी की थी। परिवार की इच्छा के मुताबिक शादी बेहद निजी तरीके से हुई, जिसमें सिर्फ करीबी लोग ही शामिल हुए। यही वजह थी कि मीडिया को इसकी भनक तक नहीं लगी।

आज ऋशिता भट्ट फिल्मों से भले दूर हों, लेकिन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर अपनी तस्वीरें और जिंदगी से जुड़े खास पल फैंस के साथ साझा करती रहती हैं। उनके चाहने वाले आज भी उन्हें 'आंखों में तेरा ही चेहरा' वाली खूबसूरत मुस्कान के लिए याद करते हैं।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story

Tags