आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी है, हरभजन सिंह को गद्दार कहना मानसिक दिवालियापन: तरुण चुघ
नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) पर टिकट बेचने को लेकर लगाए गए आरोपों पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई नेताओं ने आप के शीर्ष नेतृत्व पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं; इससे यह साफ होता है कि पूरी पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में तरुण चुघ ने कहा कि देश के लिए खेलने वाले और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी को गद्दार कहना आम आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कई सांसदों ने पार्टी नेतृत्व पर भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप देने के आरोप लगाए हैं, जिससे यह साफ हो जाता है कि पूरी पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में मंत्री पद और अन्य राजनीतिक पद पैसे के लेनदेन के जरिए दिए जा रहे हैं। चुघ ने आरोप लगाया कि पार्टी की शुरुआत भले ही 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' आंदोलन से हुई थी, लेकिन आज उसके साथ जुड़े अधिकांश लोग पार्टी छोड़ चुके हैं क्योंकि उसका भ्रष्टाचारी और राष्ट्रविरोधी चेहरा सामने आ चुका है।
भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान पर कई नेताओं ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अदालत ने एक मामले में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मनी ट्रेल को लेकर गंभीर टिप्पणियां की थीं।
वहीं, नगर निगम चुनाव को लेकर हाईकोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए तरुण चुघ ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पंजाब सरकार और राज्य चुनाव आयोग लगातार ईवीएम को लेकर अलग-अलग बयान देते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कहा गया कि ईवीएम उपलब्ध नहीं हैं, फिर कहा गया कि मशीनें मिल नहीं रही हैं, जबकि चुनाव आयोग ने खुद कहा था कि ईवीएम उपलब्ध हैं।
चुघ ने दावा किया कि फरवरी में ही आयोग ने ईवीएम उपलब्ध कराने की बात कही थी और बाद में जयपुर से मशीनें भेजे जाने संबंधी पत्र भी आ गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने में लगी हुई है और उसके मंत्री तथा विधायक जनता को धमकाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जानबूझकर ईवीएम के इस्तेमाल को टालने की कोशिश की गई।
--आईएएनएस
पीएसके

