Samachar Nama
×

'आज रात तक छात्रों की रिहाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा', तेजस्वी यादव की सरकार को चुनौती

'आज रात तक छात्रों की रिहाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा', तेजस्वी यादव की सरकार को चुनौती
'आज रात तक छात्रों की रिहाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा', तेजस्वी यादव की सरकार को चुनौती

पटना, 27 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और उन पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर राज्य सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि आज (सोमवार) रात तक छात्रों को रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मामले वापस नहीं लिए गए तो राजद पूरे बिहार में बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगा।

तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार क्रांति और बदलाव की धरती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निर्दोष छात्रों को निशाना बनाकर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं लगा रही है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों को गोली लगी और जो अस्पताल में भर्ती हैं, उनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, न कि केवल एक छोटे सिपाही को निलंबित कर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करे।

उन्होंने कहा कि सरकार बाद में यह न कहे कि उसे पहले से आगाह नहीं किया गया था। मुख्यमंत्री और सरकार में बैठे लोगों को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए। यदि वे कानून व्यवस्था संभाल नहीं सकते तो पद छोड़ दें, लेकिन निर्दोष छात्रों की जान से खिलवाड़ न करें।

इससे पहले तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी ने एके-47 से गोली चलाई। उन्होंने दावा किया कि शांतिपूर्ण छात्र प्रदर्शन में पुलिस मैनुअल का उल्लंघन करते हुए एके-47 के इस्तेमाल का यह पहला मामला है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर इस तरह गोली चलाई जाएगी तो भविष्य में वकीलों, शिक्षकों, डॉक्टरों, किसानों और अन्य नागरिकों की सुरक्षा की क्या गारंटी होगी।

तेजस्वी यादव ने मांग की कि गोली चलाने वाले पुलिसकर्मी के साथ-साथ संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की जाए तथा गृह मंत्री की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कार्यशैली से बिहार में अराजक स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने दोहराया कि छात्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो राजद राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगा।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags