आज की युवा पीढ़ी राजनीति को समझ रही है, सोशल मीडिया ने लोगों को जागरूक बनाया : तुषार कपूर
मुंबई, 26 मई (आईएएनएस)। तुषार कपूर बॉलीवुड के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने कॉमेडी, ड्रामा और मल्टीस्टारर फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह अपनी बेबाकी के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने नए प्रोजेक्ट, सोशल मीडिया, राजनीति और आज की युवा पीढ़ी को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि आज का भारत पहले से ज्यादा जागरूक हो चुका है और सोशल मीडिया ने लोगों को राजनीति और देश के मुद्दों के प्रति काफी सतर्क बनाया है।
आईएएनएस से बात करते हुए तुषार कपूर ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा, ''मैं एक बार फिर दर्शकों के सामने कुछ नया लेकर आने के लिए बेहद उत्साहित हूं। यह मेरे लिए खास अनुभव है क्योंकि मैं लंबे समय बाद फिर उसी तरह के किरदार और माहौल में लौट रहा हूं। फिल्म का लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, लेकिन अभी भी 10 से 15 दिनों की शूटिंग बाकी है।''
उन्होंने निर्देशक रोहित शेट्टी की जमकर तारीफ करते हुए कहा, ''मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे रोहित शेट्टी के साथ कई बार काम करने का मौका मिला। वह देश के सबसे सफल निर्देशकों में गिने जाते है। मैंने उनके साथ चार बार काम किया है और चारों बार फिल्मों को ब्लॉकबस्टर सफलता मिली। अब मुझे उम्मीद है कि पांचवीं बार भी दर्शकों का वैसा ही प्यार मिलेगा।''
तुषार कपूर ने सोशल मीडिया और राजनीति पर भी खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ''पहले हमारी पीढ़ी राजनीति को इतना करीब से नहीं समझती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। अब मैं खुद राजनीतिक बहस और न्यूज डिबेट्स को ध्यान से देखता हूं। आज मुझे देश के अलग-अलग राज्यों की राजनीति और वहां की पार्टियों की जानकारी है। सोशल मीडिया और न्यूज प्लेटफॉर्म्स ने ज्यादा जागरूक बना दिया है। भारत में अब लोग राजनीति को गंभीरता से लेने लगे हैं। मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है क्योंकि लोग अब वोट देने के लिए घरों से बाहर निकल रहे हैं। साल 2014 के बाद देश में राजनीति को लेकर जागरूकता और ज्यादा बढ़ी है। पहले मेरे परिवार में राजनीति पर ज्यादा चर्चा नहीं होती थी, लेकिन अब मेरी मां भी राजनीति को फॉलो करती हैं।''
जब आईएएनएस ने उनसे पूछा कि सोशल मीडिया पर अक्सर कहा जाता है कि जेनजी राजनीति को गंभीरता से नहीं लेती, तो इस पर तुषार कपूर ने कहा, ''आज की युवा पीढ़ी का एक बड़ा हिस्सा काफी समझदार और जागरूक है। कई युवा देश की राजनीतिक स्थिति को अच्छे से समझते हैं और उस पर अपनी राय भी रखते हैं।''
तुषार कपूर ने सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले कई ट्रेंड्स और मीम्स पर भी बात की। उन्होंने कहा, ''कुछ चीजें केवल इंटरनेट पर चलने वाला एक ट्रेंड या फैशन होती हैं, जिन्हें ज्यादा गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। मैं खुद सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हर चीज को फॉलो नहीं करता और ज्यादा ध्यान असली खबरों और महत्वपूर्ण मुद्दों पर देता हूं।''
--आईएएनएस
पीके/एबीएम

