Samachar Nama
×

दिल्ली के विवेक विहार में दो मंजिला इमारत ढही, फुटेज में देंखे बच्चे समेत 2 की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली के विवेक विहार में दो मंजिला इमारत ढही, फुटेज में देंखे बच्चे समेत 2 की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली के पूर्वी इलाके विवेक विहार में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सुबह करीब 10 बजे दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में एक व्यक्ति और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक, इमारत गिरने के बाद कई लोग मलबे में दब गए। बचाव दल ने अब तक 6 से 7 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर इमारत का मलबा बिखरा हुआ है। कंक्रीट की टूटी हुई भारी स्लैब और लोहे की छड़ें बाहर निकली हुई दिखाई दे रही हैं। बचावकर्मी सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी है।

दिल्ली में इस साल इमारतें गिरने से 21 लोगों की मौत

दिल्ली में इस साल इमारतों के गिरने की घटनाओं में अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है। विवेक विहार का हादसा इस साल की बड़ी घटनाओं में शामिल हो गया है। इससे पहले भी राजधानी के अलग-अलग इलाकों में इमारतें ढहने से कई लोगों की मौत हो चुकी है।

30 मई को सैदुलाजाब में छह लोगों की गई थी जान

30 मई को सैदुलाजाब इलाके में वेस्टर्न मार्ग पर चार मंजिला व्यावसायिक इमारत ढह गई थी। इस इमारत में कोचिंग सेंटर, कैफे और कार्यालय संचालित हो रहे थे। हादसे के दौरान इमारत का मलबा पास की कैंटीन पर भी गिर गया था, जहां छात्र मौजूद थे। इस घटना में छह लोगों की मौत हुई थी, जबकि 13 लोग घायल हुए थे।

रोहिणी और करोल बाग में भी हुए हादसे

8 जुलाई को रोहिणी सेक्टर-16 में बारिश के दौरान दो निर्माणाधीन इमारतें ढह गई थीं। हादसे में कई लोग मलबे में दब गए थे। बचाव अभियान के दौरान तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी।

वहीं, 21 अगस्त को करोल बाग के रेगरपुरा इलाके में प्यारे लाल रोड पर एक इमारत का हिस्सा गिर गया था। यहां इमारत को तोड़ने का काम चल रहा था। हादसे में काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे।

सत्य निकेतन में सात और सीमापुरी में चार लोगों की मौत

6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढह गई थी। इस इमारत में लड़कों का पीजी संचालित हो रहा था। हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। बचाव दल ने मलबे से लोगों को बाहर निकाला। इस घटना में सात लोगों की मौत हुई और पांच लोग घायल हुए थे।

इसके बाद 7 अक्टूबर को सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत का अगला हिस्सा ढह गया था। मलबे की चपेट में आसपास के लोग भी आ गए थे। बचाव दल ने 11 लोगों को बाहर निकाला था। इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई, जबकि आठ लोग घायल हुए थे।

विवेक विहार की ताजा घटना ने एक बार फिर राजधानी में इमारतों की सुरक्षा और निर्माण व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल बचाव दल की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

Share this story

Tags