इटली में सोनिया गांधी के बचपन का घर बना म्यूजियम, फुटेज में जानें मालिक ने गांधी परिवार को दिया आने का न्योता
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के इटली स्थित बचपन के घर को म्यूजियम के रूप में संरक्षित किया जा रहा है। इस घर के मालिक भारतीय मूल के सिख कारोबारी सुखदेव सिंह कांग ने अमृतसर में इसकी जानकारी दी। उन्होंने गांधी परिवार को इस घर को देखने के लिए आमंत्रित किया है। कांग का कहना है कि यह म्यूजियम सोनिया गांधी के जीवन और उनकी यादों को समर्पित होगा। इसमें इटली में उनके बचपन से लेकर भारत में उनके राजनीतिक सफर तक की झलक दिखाई जाएगी।
सुखदेव सिंह कांग के मुताबिक, यह घर इटली के लुसियाना गांव में स्थित है। यहां भारतीय पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। खासकर केरल से आने वाले पर्यटक इस घर को देखने और तस्वीरें लेने में दिलचस्पी दिखाते हैं। पहले घर पर ताला लगा रहता था, लेकिन अब पर्यटकों की सुविधा के लिए एक केयरटेकर नियुक्त की गई है, जो लोगों को घर के अंदर जाने की सुविधा देती है।
2020 में खरीदा था सोनिया गांधी का बचपन का घर
सुखदेव सिंह कांग ने इस संपत्ति को साल 2020 में खरीदा था। यह छह कमरों वाला मकान इटली के वेनेटो क्षेत्र के विसेंजा प्रांत में स्थित है। सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इसी गांव में हुआ था और उन्होंने अपने बचपन के शुरुआती साल यहां बिताए थे।
कांग ने बताया कि घर खरीदने के बाद से उन्होंने इसकी पुरानी पहचान और स्वरूप को बनाए रखने की कोशिश की है। परिवार ने इसे किराए पर देने या किसी व्यावसायिक गतिविधि के लिए इस्तेमाल करने के बजाय सोनिया गांधी की यादों को सहेजने का फैसला किया।
बचपन से राजनीतिक सफर तक की कहानी होगी दर्ज
कांग के मुताबिक, इस म्यूजियम में सोनिया गांधी के जीवन के अलग-अलग पड़ावों को दिखाया जाएगा। इसमें उनके बचपन, परिवार और इटली में बिताए शुरुआती दिनों से लेकर भारत आने और राजनीतिक जीवन तक की जानकारी शामिल करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि गांधी परिवार की ओर से जो भी तस्वीरें, दस्तावेज या निजी यादगार वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी, उन्हें म्यूजियम में रखा जाएगा। कांग ने सोनिया गांधी के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी इस घर को देखने के लिए आमंत्रित किया है।
पर्यटकों के लिए खोला गया घर
कांग ने बताया कि पहले घर बंद रहता था और उसकी चाबी परिवार के पास होती थी। अब केयरटेकर की नियुक्ति के बाद पर्यटक घर के अंदर जाकर इसे देख सकते हैं। इस पहल से इटली आने वाले भारतीय पर्यटकों के लिए यह एक नया आकर्षण बन रहा है।
कांग का कहना है कि उनका परिवार इस संपत्ति को केवल एक मकान के रूप में नहीं, बल्कि सोनिया गांधी के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक यादों के रूप में देखता है। उनका उद्देश्य इस घर को ऐसा संग्रहालय बनाना है, जहां आने वाले लोग सोनिया गांधी की पारिवारिक पृष्ठभूमि और शुरुआती जीवन के बारे में जान सकें।

