मां तो मां होती है...आपसी विवाद के चलते बेटे ने मारी गोली फिर भी मां ने की बचाने की कोशिश, पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-23 में रविवार को एक महिला को गोली मारने का मामला सामने आया है। इस घटना का आरोप उनके 25 वर्षीय बेटे पर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल को सुबह करीब एक बजे द्वारका सेक्टर-23 थाने में पीसीआर पर एक कॉल आई। बताया गया कि धुलसिरस गांव की 52 वर्षीय महिला को गोली मार दी गई है। घटना की सूचना पाकर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के पति ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोली मार दी है। हालांकि जांच के दौरान महिला के बेटे अभिषेक (25) ने अपराध कबूल कर लिया।
द्वारका डीसीपी अंकित कुमार सिंह ने बताया कि धूलसिरस गांव की 52 वर्षीय महिला को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभ में, उन्होंने और उनके पति ने दावा किया था कि जब वह अपने घर का गेट बंद कर रही थीं, तब किसी अज्ञात हमलावर ने उन्हें गोली मार दी। हालांकि जांच के दौरान उसके बेटे अभिषेक ने अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी अभिषेक के खिलाफ छह आपराधिक मामले
अंकित कुमार सिंह ने बताया कि अभिषेक के खिलाफ पहले से ही छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गैर इरादतन हत्या के प्रयास के कई मामले भी शामिल हैं। उसने कथित तौर पर अपनी मां को गोली मार दी। पुलिस ने पेड़ से एक हथियार और घटनास्थल को साफ करने में इस्तेमाल किया गया खून से सना पोछा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार महिला का पति पर्सनल मैनेजर के पद पर काम करता है।
गोलीबारी का कारण अभी तक सामने नहीं आया है
फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में दिल्ली में हत्या से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। दिल्ली के शाहदरा जिले के जीटीबी (गुरु तेग बहादुर) एन्क्लेव थाना क्षेत्र में 14 अप्रैल को एक युवती की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने 19 वर्षीय आरोपी रिजवान को करनाल के नीलकंठ ढाबे के पास से गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर के जे-ब्लॉक में 17 अप्रैल की शाम को एक 17 वर्षीय लड़के की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान उसी इलाके के कुणाल के रूप में हुई है। नाबालिग पर गुरुवार शाम करीब 7.38 बजे हमला हुआ।