ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में टॉप फ्लोर से नीचे जा गिरी लिफ्ट, दरवाजे निकलकर बाहर आए, मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में SDS NRI सोसाइटी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब F ब्लॉक की लिफ्ट अचानक टॉप फ्लोर से ग्राउंड फ्लोर पर गिर गई। अच्छी बात यह रही कि घटना के समय लिफ्ट में कोई नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोसाइटी में काम करने वाली एक मेड ने लिफ्ट का बटन दबाया, लेकिन लिफ्ट तुरंत तेज आवाज के साथ नीचे गिर गई।
घटना के बाद सोसाइटी के लोग घबरा गए। कई लोगों ने लिफ्ट की खराब हालत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें मैनेजमेंट पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया गया। लोगों का कहना है कि लिफ्ट का रेगुलर मेंटेनेंस नहीं होता, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
NRI सोसाइटी में लिफ्ट खराब
उन्होंने मांग की है कि संबंधित अधिकारी और सोसाइटी मैनेजमेंट तुरंत सभी लिफ्टों की जांच और मरम्मत करें। यह घटना बीटा-2 थाना क्षेत्र के परी चौक के पास SDS NRI सोसाइटी में हुई, जहां लिफ्ट अचानक गिर गई। लिफ्ट का दरवाजा भी ढीला हो गया। इस घटना से लोगों में गुस्सा है। उनका कहना है कि अगर हादसे के समय लिफ्ट में कोई होता तो गंभीर हादसा हो सकता था, और अगर लिफ्ट की मरम्मत नहीं की गई तो और भी हादसे होने की संभावना है।
पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
अगस्त में ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में मौजूद एच टावर में लगी लिफ्ट छठी मंजिल से गिरकर सीधे बेसमेंट में जा गिरी थी। लिफ्ट के अंदर दो लोग थे, जब वे छठी मंजिल से नीचे उतर रहे थे, तभी लिफ्ट फ्री-फॉल होकर सीधे जमीन पर गिर गई। अच्छी बात यह रही कि लिफ्ट में मौजूद किसी को गंभीर चोट नहीं आई। उस समय वहां रहने वालों ने बिल्डर मैनेजमेंट से इसकी शिकायत की थी।

