Samachar Nama
×

स्कूल की छत पर करंट लगने से 9वीं के छात्र की दर्दनाक मौत, फुटेज में जाने सरकारी लापरवाही पर उठे सवाल; पीटी टीचर बर्खास्त

स्कूल की छत पर करंट लगने से 9वीं के छात्र की दर्दनाक मौत, फुटेज में जाने सरकारी लापरवाही पर उठे सवाल; पीटी टीचर बर्खास्त

गुजरात के सूरत में सरकारी स्कूल की कथित लापरवाही ने एक 14 वर्षीय छात्र की जान ले ली। 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले अब्दुल रहमान की मंगलवार को स्कूल की छत पर पीटी (फिजिकल ट्रेनिंग) के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।यह दर्दनाक घटना सूरत के मानदरवाजा इलाके स्थित सुमन सरकारी स्कूल में हुई। जानकारी के मुताबिक, स्कूल परिसर के मैदान में एक साथ तीन स्कूलों के बच्चों के लिए मिड-डे मील की व्यवस्था चल रही थी। इसी कारण पीटी क्लास मैदान के बजाय स्कूल की छत पर कराई जा रही थी।

पैर फिसलने से बिजली के पाइप से टकराया छात्र

प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के अनुसार, पीटी के दौरान अब्दुल रहमान का पैर अचानक फिसल गया और वह छत पर लगे बिजली के पाइप से टकरा गया। पाइप में करंट दौड़ रहा था, जिससे उसे जोरदार बिजली का झटका लगा। छात्र करीब एक मिनट तक तड़पता रहा और फिर बेहोश होकर गिर पड़ा।मौके पर मौजूद एक शिक्षक ने लकड़ी की मदद से करंट वाले पाइप से छात्र को अलग किया। इसके बाद उसे सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देने की कोशिश की गई, ताकि उसकी जान बचाई जा सके।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम

घटना के तुरंत बाद स्कूल के प्रिंसिपल अपनी निजी कार से अब्दुल को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, छात्र के शरीर पर बिजली का करंट लगने और उससे जुड़े गंभीर घावों के स्पष्ट निशान मिले थे।

लापरवाही पर पीटी शिक्षक बर्खास्त

प्रारंभिक जांच में सामने आई लापरवाही के आधार पर स्कूल प्रशासन ने पीटी शिक्षक शेख बहाउद्दीन अजीमुद्दीन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। वहीं शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि स्कूल की छत पर लगे बिजली के पाइप में करंट कैसे आया और सुरक्षा संबंधी मानकों की अनदेखी क्यों की गई।

ऑटो चालक के बेटे की असमय मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक अब्दुल रहमान के पिता सलीम शेख उमरवाड़ा की लो-कॉस्ट कॉलोनी में रहते हैं और ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। तीन बच्चों वाले इस परिवार के लिए अब्दुल की मौत किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में भी शोक का माहौल है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस हादसे ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल परिसर में यदि बिजली से जुड़े उपकरण और पाइप सुरक्षित नहीं थे, तो बच्चों को वहां ले जाना बेहद खतरनाक फैसला था। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सभी सरकारी स्कूलों में सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story

Tags