23 साल की दुल्हन ने दी ऐसी धमकी, डर गया नाबालिग… ले गई मंदिर, भरवाया मांग में सिंदूर और कर ली शादी
उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक अजीब मामला सामने आया है। 23 साल की एक महिला पर गंभीर आरोप लगे हैं। उसने 15 साल के लड़के को प्यार के जाल में फंसाया। उसके साथ फिजिकल रिलेशन बनाने के बाद उसने शादी करने की मांग की। मना करने पर उसने जहर देकर आत्महत्या करने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने डरे हुए लड़के से 27 अगस्त को एक मंदिर में शादी कर ली।
महिला ने लड़के पर दबाव डाला और धमकाया, फिर मंदिर में उसकी शादी करवा दी। परिवार इस बात से बहुत परेशान था कि उनके नाबालिग बेटे की शादी एक बड़ी उम्र की महिला से हो रही है। मामले की सूचना चाइल्डलाइन को दी गई। घटना के सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने देवरिया के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि महिला अंडरग्राउंड हो गई है, जबकि लड़का उसके घर पर है। महिला देवरिया के सलेमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। बताया जाता है कि उसके और लड़के के बीच करीब छह महीने पहले प्रेम संबंध शुरू हुए थे। लड़के के परिवार का आरोप है कि लड़की उसे धोखा दे रही थी। लड़के का कहना है कि वह बार-बार उसे फिजिकल रिलेशन बनाने के लिए फुसलाती थी और उसे जहर देने की धमकी देती थी।
कुछ समय से वह उस पर शादी का दबाव बनाने लगी। जब उसने थाने में शिकायत की, तो कुछ पुलिसवालों ने उसका पक्ष लिया। उन्होंने शादी न करने पर रेप का केस करने की धमकी दी और उस पर दबाव बनाने लगे।
दोनों ने मंदिर में शादी कर ली
दोनों ने 27 अगस्त को भगड़ा भवानी मंदिर में शादी कर ली। बताया जाता है कि शादी के दौरान दोनों के परिवार आए थे। लड़के के परिवार वालों ने एतराज जताया। इसके बावजूद लड़की ने लड़के से शादी की कसमें खाईं। शादी के बाद लड़के की मां ने लड़की को घर ले जाने से मना कर दिया।
उसने कहा कि उसका बेटा अभी नाबालिग है और बालिग होने पर उसे घर ले जाएंगी। इसी बात पर झगड़ा हो गया। इसी बीच किसी ने चाइल्ड लाइन को खबर कर दी। चाइल्ड लाइन की एक टीम पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। चाइल्ड वेलफेयर कमिटी की चेयरपर्सन सावित्री राय ने देवरिया के एसपी को लेटर लिखकर कार्रवाई करने की रिक्वेस्ट की। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

