Samachar Nama
×

मुंबई में 26/11 हमले के निशाने पर रहे नरीमन हाउस की रेकी का आरोप, फुटेज में देंखे 20 साल का युवक गिरफ्तार; विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में था

मुंबई में 26/11 हमले के निशाने पर रहे नरीमन हाउस की रेकी का आरोप, फुटेज में देंखे 20 साल का युवक गिरफ्तार; विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में था

मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के दौरान आतंकियों के निशाने पर रहे नरीमन हाउस की कथित तौर पर रेकी करने के आरोप में 20 साल के युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान यश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि वह विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर मुंबई में यहूदी नागरिकों, विदेशी नागरिकों और उनके कारोबार से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटा रहा था।

यश सिंह नवी मुंबई के ऐरोली इलाके का रहने वाला है। उसे नवी मुंबई आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने सोशल मीडिया के जरिए अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से उसके कथित संपर्क की जानकारी मिलने के बाद गिरफ्तार किया। जांच एजेंसियों को संदेह है कि आरोपी को मुंबई के संवेदनशील ठिकानों की निगरानी और जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया था।

नरीमन हाउस पर खास नजर रखने के निर्देश

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, यश सिंह को मुंबई के कई संवेदनशील स्थानों की रेकी करने के निर्देश मिले थे। इनमें कोलाबा स्थित नरीमन हाउस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया था। यह वही इमारत है, जिसे 26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमलों के दौरान आतंकियों ने निशाना बनाया था।पुलिस का आरोप है कि आरोपी को मुंबई में रहने वाले यहूदी नागरिकों, उनके धार्मिक और अन्य संस्थानों के साथ-साथ विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा गया था। उसे इन लोगों की तस्वीरें, उनके वाहनों की जानकारी और उनकी सटीक लोकेशन जुटाने के निर्देश मिले थे।

विदेशी नागरिकों और कारोबार से जुड़ी जानकारी जुटाने का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, यश सिंह कथित तौर पर यहूदी नागरिकों, विदेशी नागरिकों और शहर में कारोबार करने वाले लोगों से संबंधित जानकारियां एकत्र कर रहा था। वह तस्वीरों और अन्य जानकारियों को अपने संपर्कों के साथ साझा कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये जानकारियां किसे भेजी जा रही थीं और इनके पीछे किस तरह का नेटवर्क सक्रिय था।

केरल पुलिस भी जांच में शामिल

इस मामले की जांच के दौरान केरल पुलिस भी जुड़ी। पुलिस को यश सिंह की गतिविधियों का संबंध केरल के त्रिशूर में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत दर्ज एक मामले से मिला। इसके बाद दोनों राज्यों की जांच एजेंसियां मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुट गईं।फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपी के सोशल मीडिया संपर्कों, विदेशी हैंडलर्स से कथित संबंधों और जुटाई गई जानकारियों की जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मुंबई के अन्य संवेदनशील स्थानों की रेकी की गई थी या नहीं और इस गतिविधि में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Share this story

Tags